March 10, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बहरीन में इजरायली दूतावास पर ईरान ने दागी मिसाइलें और ड्रोन, बेरूत में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर आईडीएफ का अटैक

नई दिल्ली। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध की वजह से मिडिल ईस्ट में भी हालात बेहद खराब हैं। ईरान ने बहरीन में फिर से अटैक किया है। बहरीन फाइनेंशियल हार्बर की एक हाई-राइज बिल्डिंग जहां इजरायली दूतावास स्थित है, ईरान ने मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं। यह हमला इजरायल के लिए यह एक बड़ा झटका माना जा रहा है। हालांकि इसमें किसी के मारे जाने की फिलहाल कोई खबर नहीं है। वहीं बहरीन की सबसे बड़ी सरकारी ऑयल रिफाइनरी पर ईरान ने बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया। इस हमले की वजह से रिफाइनरी की एक यूनिट में आग लग गई, हालांकि इमरजेंसी टीमों ने आग पर काबू पा लिया है।

उधर, इजरायल ने बेरूत में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमला किया है। इस हमले में हिजबुल्लाह का सैन्य बल प्रबंधन कमांडर जैद अली जुमा मारा गया है। इजरायल डिफेंस फोर्स ने इस बात की पुष्टि की है। आईडीएफ के मुताबिक जुमा दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के तोपखाने प्रमुख के रूप में कार्यरत था और लेबनान से इजरायल की ओर हजारों रॉकेट, मिसाइल और यूएवी लॉन्च करने के लिए जिम्मेदार था। उसने 2015 में माउंट डोव में हुए टैंक-रोधी मिसाइल हमले का भी नेतृत्व किया था, जिसमें आईडीएफ के एक अधिकारी और एक सैनिक शहीद हो गए थे।

इस बीच लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, सोमवार से अब तक हमलों में 123 लोगों की जान जा चुकी है जबकि 683 लोग घायल हुए हैं। उधर, ईरानी हमलों के मद्देनजर अमेरिका कुवैत में स्थित अपने दूतावास को खाली करा रहा है। ईरान ने इससे पहले रियाद और दुबई में भी अमेरिकी वाणिज्य दूतावास को निशाना बनाया था। वहीं सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय के अनुसार प्रिंस सुल्तान एयर बेस को निशाना बनाकर दागी गई तीन बैलिस्टिक मिसाइलों को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया गया है। सऊदी के एयर डिफेंस सिस्टम ने इन मिसाइलों को सफलतापूर्वक मार गिराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *