कौन लेगा नीतीश कुमार की जगह, बिहार में किसे मिलेगी सत्ता की कमान? नए मुख्यमंत्री के लिए इन नामों पर हो रही है चर्चा
नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए एनडीए उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन पत्र आज दाखिल कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी समेत बीजेपी और जेडीयू के कई वरिष्ठ नेता इस अवसर पर मौजूद रहे। अब जब यह तय हो गया है कि नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं और बिहार में नेतृत्व परिवर्तन होने वाला है तो नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर भी चर्चा शुरू गई है। सीएम के लिए कई नेताओं के नाम पर कयास लगाया जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री बीजेपी का होगा जबकि जेडीयू से दो डिप्टी सीएम हो सकते हैं।
मुख्यमंत्री पद के लिए फिलहाल सबसे ज्यादा चर्चा मौजूदा डिप्टी सीएम और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी के नाम की हो रही है। सम्राट को पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का भरोसेमंद माना जाता है और उनके पास नीतीश कुमार के साथ काम करने का अनुभव भी है। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय का नाम भी अगले मुख्यमंत्री के तौर पर लिया जा रहा है। नित्यानंद बिहार बीजेपी के अध्यक्ष रह चुके हैं। 3 बार सांसद और 4 बार एमएलए के तौर पर उनके पास अच्छा खासा राजनीतिक अनुभव है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को भी मुख्यमंत्री बनाए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
वहीं पांच बार के विधायक संजीव चौरसिया का नाम भी नए मुख्यमंत्री के तौर पर मजबूती के साथ लिया जा रहा है। इन नामों के अलावा भी कुछ अन्य नामों पर भी कयास लग रहे हैं। बिहार के डिप्टी सीएम डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा का नाम भी चर्चा में है और रामकृपाल यादव का नाम भी सियासी गलियारों में सीएम के तौर पर लिया जा रहा है। वैसे बीजेपी ने कई प्रदेशों में ऐसे नेताओं को मुख्यमंत्री बनाया है जिनके नाम की कहीं कोई चर्चा नहीं थी, अब देखना यह होगा कि क्या बिहार में भी बीजेपी ऐसे ही किसी अप्रत्याशित नेता को सीएम बनाकर एक बार फिर सबको चौंकाएगी।
