March 10, 2026

Hind foucs news

hindi new update

नीतीश कुमार के कुर्ते पर कभी दाग नहीं लगा, बिहार को जंगलराज से मुक्त कराया, अमित शाह ने की बिहार सीएम की प्रशंसा

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जमकर प्रशंसा की। बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर नीतीश कुमार के द्वारा कराए गए विकास कार्यों का जिक्र किया। गृहमंत्री बोले, नीतीश कुमार ने अपने शासन काल में बिहार को जंगलराज से मुक्त करने का काम किया। विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री रहते हुए उनके कुर्ते पर कभी दाग नहीं लगा। पटना में नीतीश कुमार और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर नामांकन भरने के बाद अमित शाह ने अपना एक वीडियो संदेश जारी किया है।

अमित शाह ने कहा कि आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा में अपना नामांकन दाखिल किया है। इसके साथ ही बहुत ही लंबे अरसे के बाद नीतीश कुमार फिर से एक बार राष्ट्रीय राजनीति में राज्यसभा सांसद के नाते प्रवेश करेंगे। 2005 से लेकर आज तक नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री रहे। उनका ये कार्यकाल बिहार के इतिहास में स्वर्णिम पृष्ठ के रूप में लिखा जाएगा। बिहार के विकास के सारे मायने को उन्होंने गति देने का काम किया। उन्होंने न केवल बिहार की सड़कों को गांव तक जोड़ा, उसकी स्थिति में भी सुधार किया। पूरा जीवन भ्रष्टाचार के आरोप लगे बिना इतना लंबा राजनीतिक सफर शायद ही किसी ने तय किया हो जो नीतीश कुमार ने तय किया है।

गृह मंत्री ने कहा, बिहार के हर गांव, हर घर में बिजली पहुंचाने में भी उनका बहुत बड़ा योगदान रहा। हमेशा नीतीश कुमार सादगी, सुचिता और सार्वजनिक जीवन के उच्चतम मूल्यों के पक्षधर रहे जिनका पालन उन्होंने भी किया। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 साल तक बिहार को हर प्रकार से आगे ले जाने में अपना बहुत बड़ा योगदान किया। उनके नेतृत्व में ही पीएम मोदी द्वारा भेजी गई सभी योजनाएं बिहार के जन-जन तक पहुंची। शाह बोले, 1974 के जयप्रकाश आंदोलन के नीतीश कुमार प्रमुख नेता रहे हैं और तब से लेकर आज तक पूरा जीवन जेपी के सिद्धांतों पर उन्होंने बिताने का प्रयास किया। फिर से एक बार राज्यसभा सांसद होने के नाते वे दिल्ली आ रहे हैं। मैं और NDA के सभी साथी उनका हृदय से स्वागत करते हैं। उनका जो कार्यकाल मुख्यमंत्री होने के नाते हैं, उसे बिहार के लोग याद भी करेंगे और उसका सम्मान भी करेंगे।

बता दें कि नितिन नबीन ने भी आज राज्यसभा के लिए नामांकन पत्र भरा है। उनके विषय में अमित शाह ने कहा कि बिहार में में लंबे समय तक यशश्वी राजनीति करने के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं और अब वो राज्यसभा के माध्यम से संसद में भी अपना योगदान देंगे। हम सब एनडीए के सदस्य, बीजेपी के करोड़ों कार्यकर्ता नितिन नबीन का राष्ट्रीय राजनीति में और संसद में स्वागत करते हैं। नितिन नबीन और नीतीश कुमार के अलावा आज बिहार से रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार ने भी एनडीए उम्मीदवार के तौर पर राज्यसभा के लिए नामांकन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *