अनिल अंबानी की कंपनी से जुड़े परिसरों पर ईडी का छापा, 12 जगहों पर एक साथ मारी रेड
नई दिल्ली। अनिल अंबानी की मुश्किल एक बार फिर बढ़ गई है। उन कंपनी रिलायंस पावर से जुड़े परिसरों पर प्रवर्तन निदेशालय ने छापा मारा है। कंपनी के दफ्तरों, कुछ उसके अधिकारियों के घरों समेत कुल 12 जगहों पर ईडी की टीम ने एकसाथ रेड डाली है। रिलायंस पावर से जुड़े संदिग्ध फंड ट्रांसफर और लेन-देन की जांच के तहत यह कार्रवाई की जा रही है। ईडी की लगभग 15 टीमें सुबह छापेमारी के लिए पहुंची फिलहाल सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
40,000 करोड़ रुपये के बैंक लोन धोखाधड़ी मामले में पिछले साल अनिल अंबानी लगातार घिरते जा रहे हैं। इससे पहले आर कॉम से जुड़े लोन फ्रॉड केस में पिछले साल अनिल अंबानी के घर पर भी रेड मारी गई थी। ईडी इस मामले में अनिल अंबानी से पूछताछ भी कर चुकी है। अभी 25 फरवरी को ही ईडी ने अनिल अंबानी के मुंबई स्थित आलीशान घर ‘Abode’ को अस्थायी तौर पर जब्त कर लिया है। इस संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग 3,716 करोड़ रुपए है। अनिल अंबानी से जुड़ी अब तक 15,700 करोड़ रुपये की संपत्तियों को अटैच किया जा चुका है।
23 फरवरी को बॉम्बे हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने अनिल अंबानी को झटका देते हुए बैंकों के द्वारा अनिल अंबानी और उनकी कंपनी से जुड़े खातों पर एक्शन लिए जाने पर सिंगल बेंच के द्वारा दिए स्टे के ऑर्डर को रद्द कर दिया था। वहीं यूनियन बैंक से लिए 228 करोड़ रुपए के लोन की धोखाधड़ी मामले सीबीआई ने अनिल अंबानी के बेटे जय अनमोल अंबानी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की थी और उनके पूछताछ भी हुई थी। सीबीआई के मुताबिक जिस वक्त बैंक से लोन लेकर फंड डायवर्ड किया गया उस समय जय अनमोल अंबानी रिलायंस होम फाइनेंस के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर थे। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार सीबीआई और ईडी दोनों ही तेजी से अपनी जांच को आगे बढ़ा रहे हैं।
