March 10, 2026

Hind foucs news

hindi new update

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, केबिन में भरा धुआं

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य आज एक बड़े हादसे का शिकार होने से बच गए। उड़ान भरने के दौरान उनके हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई जिसके चलते उसका डिस्प्ले बंद हो गया और केबिन में धुआं भरने लगा। आनन फानन में लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। केशव प्रसाद मौर्य समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग पूरी तरह से सुरक्षित हैं। प्रशासन और सुरक्षा से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। हेलीकॉप्टर में आई खराबी की जांच तकनीकी टीम के द्वारा की जा रही है।

डिप्टी सीएम ने कौशांबी जाने के लिए लखनऊ के लॉ मार्टिनियर ग्राउंड से हेलीकॉप्टर में उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ देर बाद ही पायलट को तकनीकी खराबी का एहसास हुआ। हेलीकॉप्टर का डिस्प्ले अचानक बंद हो गया। इतना ही नहीं हेलीकॉप्टर के केबिन में धुआं आने लगा। हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोगों के हाथ पैर फूल गए। पायलट ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ एटीसी से फौरन संपर्क साधा और पूरी बात बताई। इसके बाद अमौसी एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी। लैंडिंग की परमीशन मिलते ही पायलट ने हेलीकॉप्टर को अमौसी एयरपोर्ट की तरफ घुमाया और वहां पर सुरक्षित लैंडिंग कराई।

इस दौरान फायर ब्रिगेड की टीम, एंबुलेंस समेत सुरक्षा के जुड़े लोग पहले ही एयरपोर्ट पर तैनात हो गए थे। जैसे ही हेलीकॉप्टर की लैंडिंग हुई डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पूरी जांच के बाद ही यह सामने आएगा कि हेलीकॉप्टर में हुआ क्या था। इस घटना के बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सड़क मार्ग से लखनऊ से कौशांबी के लिए रवाना हुए। कौशांबी के सयारा में स्थित बाबू सिंह डिग्री कॉलेज के मैदान में आयोजित दो दिवसीय सरस महोत्सव कार्यक्रम का डिप्टी सीएम को उद्घाटन करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *