बीजेपी ने बंगाल के लिए जारी की दूसरी लिस्ट, निशीथ प्रामाणिक, रूपा गांगुली समेत 111 कैंडिडेट्स के नाम घोषित
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट भी जारी कर दी है। इस लिस्ट में पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रामाणिक, पूर्व अभिनेत्री रूपा गांगुली, पापिया अधिकारी, फायरब्रांड नेता प्रियंका तिबरेवाल समेत कुल 111 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है। इस लिस्ट में बीजेपी ने अपने पुराने नेताओं के साथ कुछ ऐसे लोगों को भी चुनाव मैदान में उतारा है जो किसी अन्य दल को छोड़कर आए हैं। इससे पहले बीजेपी ने 144 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे और अब दूसरी लिस्ट मिलाकर कुल 255 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा हो चुकी है।
बीजेपी ने नीतीश प्रमाणिक को माथभंगा से जबकि महाभारत में द्रौपदी का किरदार निभाकर घर घर में अपनी पहचान बनाने वाली रूपा गांगुली को सोनारपुर दक्षिण से टिकट दी है। बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के छोटे भाई देवेंदु अधिकारी को बीजेपी ने एगरा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया है। जबकि पूर्व IPS अधिकारी राजेश कुमार को जगतदल से चुनाव मैदान में उतारा है। मशहूर बंगाली अभिनेता हिरण चटर्जी की सीट बदल दी गई है। इस बार उनको श्यामपुर से टिकट मिली है। 2021 में वो खड़गपुर सदर सीट से बीजेपी की टिकट पर चुनाव जीते थे। अभिनेत्री सरबोरी मुखर्जी को जादवपुर से टिकट दी गई है।
पापिया डे अधिकारी को टालीगंज और फायरब्रांड नेता प्रियंका तिबरेवाल को एंटाली से कैंडिडेट घोषित किया गया है। रेखा पात्रा को हिंगलगंज सुरक्षित सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। रेखा ने संदेशखाली कांड को उजागर किया था। रेखा को बीजेपी ने लोकसभा चुनाव में बसीरहाट से चुनाव लड़ाया था लेकिन वो जीत नहीं पाई थीं। ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी छोड़कर बीजेपी में आए तापस रॉय को मानिकतला से टिकट दिया गया है। वहीं रितेश तिवारी को काशीपुर बेलगछिया से उम्मीदवार बनाया गया है। रितेश कुछ समय पहले बीजेपी छोड़कर अलग हो गए थे हालांकि बाद में उन्होंने दोबारा पार्टी ज्वाइन कर ली थी।
