ईरान में नवरोज़ के जश्न के बीच इजरायल ने की एयर स्ट्राइक
नई दिल्ली। ईरान में युद्ध के बीच नवरोज़ (फ़ारसी नव वर्ष) का जश्न भी मनाया जा रहा है। इस दौरान इजरायल ने एक बार फिर तेहरान पर एयर स्ट्राइक की। ईरान की राजधानी के आसपास हवाई हमलों की आवाज सुनाई दी। इन धमाकों के बाद लोग इधर उधर भागने लगे। ये हमले इजरायल द्वारा ईरान के एक महत्वपूर्ण गैस क्षेत्र पर किए गए हमले के दिन बाद हुए है। उधर, ईरान के द्वारा भी खाड़ी क्षेत्र के आसपास के तेल और प्राकृतिक गैस केंद्रों पर हमलों में तेजी आई है। इस युद्ध के चलते ऊर्जा आपूर्ति बाधित होने से वैश्विक अर्थव्यवस्था में हलचल मची हुई है और ईरान के पड़ोसी अरब देश भी उसके खिलाफ सीधे तौर संघर्ष में शामिल हो सकते हैं।
वहीं शुक्रवार की सुबह जोरदार धमाकों से दुबई शहर हिल गया। फिलहाल पश्चिम एशिया के हालात तनावपूर्ण हैं और 28 फरवरी से शुरू हुआ यह युद्ध फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचता नहीं दिख रहा है। उधर, ईरान की सरकारी मीडिया इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (IRIB) के द्वारा नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का एक वीडियो जारी किया गया है। इस वीडियो में मोजतबा खामेनेई कुछ लोगों को धार्मिक शिक्षा देते हुए दिख रहे हैं, हालांकि इस वीडियो में किसी तारीख का कोई जिक्र नहीं है जिससे यह पुष्टि हो सके कि यह वीडियो नया है या पुराना।
यह वीडियो ऐसे समय पर जारी किया गया है जब मोजतबा खामेनेई को लेकर अलग अलग दावे किए जा रहे हैं। अभी हाल ही में ब्रिटिश अखबार द सन ने कहा था कि मोजतबा खामेनेई 28 फरवरी को हुए हमले में बुरी तरह घायल हो गए थे जिसमें उनका एक पैर भी काटना पड़ा, वो फिलहाल कोमा में हैं। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा था कि मोजतबा तो जिंदा हैं मगर वो बुरी तरह से घायल हैं।
