March 31, 2026

Hind foucs news

hindi new update

तीन दिन में 5600 से ज्यादा एलपीजी ग्राहक पीएनजी में हुए शिफ्ट, दो हफ्तों में 1.25 लाख नए कनेक्शन, केंद्र सरकार ने दी जानकारी

नई दिल्ली। पिछले तीन दिनों में 5600 से ज्यादा घरेलू एलपीजी उपयोगकर्ताओं ने पीएनजी कनेक्शन में स्विच किया है। युद्ध के कारण एलपीजी के संबंध में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, हालांकि किसी भी वितरण केंद्र पर एलपीजी की कमी की कोई रिपोर्ट नहीं है। एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी सामान्य रूप से चल रही है। ऑनलाइन एलपीजी बुकिंग में 94 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। एलपीजी की पैनिक बुकिंग में भी कमी आई है और कल लगभग 57 लाख एलपीजी सिलेंडरों की बुकिंग हुई। केंद्र सरकार की ओर से यह जानकारी दी गई है।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया है कि जो भी राज्य सरकारें पीएनजी नेटवर्क के विस्तार में सहयोग करेंगी, उन्हें 10 प्रतिशत अतिरिक्त वाणिज्यिक एलपीजी दी जाएगी। इन सभी पहलों और प्रयासों के कारण, पिछले दो हफ्तों में पीएनजी के लगभग 1.25 लाख नए घरेलू, वाणिज्यिक और औद्योगिक कनेक्शन दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि देश में कच्चे तेल की स्थिति और रिफाइनरी संचालन सामान्य बना हुआ है और किसी भी प्रकार की कमी की सूचना नहीं मिली है। वाणिज्यिक एलपीजी के संदर्भ में, लगभग 17 राज्य सरकारों द्वारा आवंटन आदेश जारी किए जा चुके हैं और सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वाणिज्यिक एलपीजी की आपूर्ति की जा चुकी है।

बता दें कि मिडिल ईस्ट के हालातों को देखते हुए केंद्र सरकार की ओर से लोगों से एलपीजी कनेक्शन की जगह पीएनजी पर शिफ्ट होने की अपील की जा रही है जिसका पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला है। बता दें कि विभिन्न गैस प्रदाता कंपनियों के द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं के लिए पीएनजी कनेक्शन में छूट का ऐलान भी किया गया है। कोई भी घरेलू उपभोक्ता अगर 31 मार्च के पहले पीएनजी का कनेक्शन लेता है और गैस लेना शुरू करता है तो इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड 500 रुपए की फ्री गैस देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *