ईद के मंच से ममता बनर्जी बोलीं- बंगाल को टारगेट करने वाले नर्क में जाएं
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की वोटिंग 23 और 29 अप्रैल को है। इस कारण पश्चिम बंगाल में सियासत काफी गर्माई हुई है। टीएमसी सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी एसआईआर में वोटरों के नाम कटने से बहुत नाराज हैं और लगातार चुनाव आयोग और मुख्य विपक्षी दल बीजेपी पर निशाना साध रही हैं। ममता बनर्जी ने शनिवार को ईद की नमाज के बाद मंच पर पहुंचकर सियासत को गर्माने की और कोशिश की। वहीं, उनके भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी ने भी हिंदू-मुस्लिम की बात कही।
कोलकाता के रेड रोड में ईद की नमाज हो जाने के बाद ममता बनर्जी ने वहां मंच संभाला और बिस्मिल के लिखे सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है नज्म की लाइनें बोलीं। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों, भारत और पश्चिम बंगाल के भले और तरक्की की प्रार्थना की और कहा कि जो लोग बंगाल को टारगेट करते हैं, वे जहन्नुम (नर्क) में जाएं। ममता ने बीजेपी को हटाने और देश की रक्षा अपना इरादा बताया। सुनिए टीएमसी सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की सीएम ने और क्या कहा।
वहीं, ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने भी ईद के मंच से हिंदू-मुस्लिम का मुद्दा उठाया। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि जो लोग दोनों समुदायों को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा करते हैं और जंग छेड़ते हैं, वे चाहे कितनी भी कोशिश कर लें, बंगाल में भाईचारा बना रहेगा। सुनिए ममता बनर्जी के भतीजे ने और क्या कहा।
ममता बनर्जी ने इससे पहले टीएमसी का घोषणापत्र जारी करने के दौरान और उससे पहले भी पश्चिम बंगाल में एसआईआर के दौरान ज्यादातर मुस्लिमों के नाम काटे जाने का दावा किया था। वहीं, बीजेपी लगातार ये आरोप लगाती है कि ममता बनर्जी और टीएमसी पश्चिम बंगाल में बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को शरण देकर उनको वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल करते हैं। एसआईआर में इनके नाम ही कटने का दावा बीजेपी कर रही है। फिलहाल हिंदू और मुस्लिम के नाम पर पश्चिम बंगाल की सियासत गर्माई है। जिसका असर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव पर दिखना तय माना जा रहा है।
