भारत के लिए फिर अच्छी खबर, खाड़ी से एलपीजी लेकर आने के लिए तैयार हैं ये दो जहाज
नई दिल्ली। होर्मुज से होकर बीते दिनों दो टैंकर जहाज एमटी शिवालिक और एमटी नंदा देवी भारत पहुंचे थे। अब ये खबर आ रही है कि जल्दी ही खाड़ी से दो और भारतीय जहाज आने वाले हैं। इनके नाम एमटी पाइन गैस और एमटी जग वसंत हैं। दोनों ही टैंकर एलपीजी लेकर आएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों जहाज यूएई के शारजाह के पास हैं। अगर इन दोनों जहाजों ने आज सफर शुरू किया, तो सोमवार तक एलपीजी की खेप लेकर भारत पहुंच सकते हैं।
अमेरिका और इजरायल से जंग के कारण ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों के गुजरने पर हमला करने की चेतावनी दे रखी है। ईरान ने ओमान की खाड़ी में कई जहाजों को निशाना भी बनाया है। इसकी वजह से होर्मुज को पार कर जहाज आ जा नहीं रहे। भारत के भी अलग-अलग किस्म के 28 जहाज होर्मुज के पश्चिम और पूर्व में फंसे थे। जिनमें से शिवालिक और नंदा देवी आ चुके हैं। इन दोनों जहाजों के होर्मुज पार करने को ईरान ने मंजूरी दी। जिसके लिए विदेश मंत्री एस. जयशंकर को ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची से कई बार बातचीत करनी पड़ी। फिर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से बात की।
दरअसल, अमेरिका और इजरायल ने शायद समझ लिया था कि ताबड़तोड़ हमले कर ईरान के दो-तीन दिन में ही घुटनों पर ला देंगे, लेकिन 28 फरवरी 2026 से शुरू हुए युद्ध में तमाम नुकसान और अपने सबसे बड़े नेताओं और सैन्य अफसरों की मौत के बावजूद इस्लामी देश लगातार मुकाबला कर रहा है। उसने खाड़ी देशों और अमेरिका व इजरायल को मिसाइल और ड्रोन हमले कर बहुत नुकसान पहुंचाया है। ऐसे में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अब सोशल मीडिया के जरिए संकेत भी दिया है कि ईरान के खिलाफ युद्ध को खत्म कर सकते हैं। अगर ईरान के खिलाफ युद्ध खत्म हुआ, तो कच्चे तेल और एलपीजी व एलएनजी की सप्लाई फिर शुरू हो सकेगी। हालांकि, इन जरूरी ऊर्जा उत्पादों की सप्लाई सामान्य होने में छह महीने तक का वक्त लग सकता है।
