ईरान ने अब ब्रिटेन को दी धमकी, कीर स्टार्मर ने अमेरिका को युद्ध में ब्रिटिश एयरबेस इस्तेमाल करने की दी है इजाजत
नई दिल्ली। अमेरिका और इजरायल के खिलाफ जारी जंग में ईरान ने अब ब्रिटेन को चेतावनी दी है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बहुत ही स्पष्ट शब्दों में ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर के नाम सोशल मीडिया के जरिए एक संदेश जारी किया है। इसमें अराघची ने कहा है कि ब्रिटेन की अधिकांश जनता ईरान के खिलाफ इजरायल और अमेरिका के संयुक्त युद्ध में किसी भी तरह से शामिल नहीं होना चाहती। अपनी ही जनता की अनदेखी करते हुए प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ब्रिटेन के सैन्य ठिकानों से ईरान पर अटैक के लिए अमेरिका को अनुमति देकर ब्रिटिश नागरिकों की जान को खतरे में डाल रहे हैं। ईरान आत्मरक्षा के अपने अधिकार का प्रयोग करेगा।
दरअसल ब्रिटेन ने अमेरिका को ईरान के खिलाफ अपना एयरबेस इस्तेमाल करने की इजाजत दे दी है। हालांकि ब्रिटेन इसे रक्षात्मक कार्रवाई बता रहा है। अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हमला करने वाले ईरानी मिसाइल ठिकानों को नष्ट करने के लिए ब्रिटेन से मदद मांगी थी। बता दें कि इस समुद्री मार्ग पर ईरान का अधिकार है और युद्ध के कारण उसने इसे बंद कर रखा है। जो भी जहाज बिना ईरान की मर्जी के स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पार करने की कोशिश कर रहे हैं ईरान उन पर हमला कर रहा है। इस वजह से पूरी दुनिया में ऊर्जा आपूर्ति का संकट खड़ा हो गया है। इसी वजह से ब्रिटेन अमेरिका को अपना एयरबेस इस्तेमाल करने दे रहा है।
उधर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरगची का कहना है कि वो इसे ईरान के खिलाफ ब्रिटेन को सीधे जंग में शामिल होने मानेगा। यह धमकी ऐसे समय पर आई है जब ब्रिटेन के आरएएफ फेयरफोर्ड एयरबेस पर अमेरिकी युद्धक विमानों का आना जाना शुरू हो गया है। अमेरिका के दो B-52 बॉम्बर विमानों ने हाल ही में यहां से उड़ान भरी थी और तकरीबन 15 घंटे के मिशन के बाद वापस लौटे थे।
