यूपी के संभल में फर्जी तरीके से आधार बनाने वाले गैंग का पर्दाफाश, तरीका जान हैरत में पड़ जाएंगे आप!
संभल। बीते दो साल से यूपी का संभल किसी न किसी वजह से चर्चा में है। अब संभल के बहजोई थाने की पुलिस ने फर्जी तरीके से आधार कार्ड तैयार करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। संभल पुलिस ने फर्जी तरीके से आधार कार्ड तैयार करने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। संभल पुलिस के मुताबिक इस गिरोह के लोग अवैध सॉफ्टवेयर और अन्य राज्यों में इस्तेमाल होने वाले लॉगइन आईडी के जरिए आधार कार्ड में बदलाव करते थे। इनके कॉन्टैक्ट मध्य प्रदेश और गुरुग्राम के कुछ लोगों से भी हैं। इनके काम का तरीका जानकर आप हैरत में पड़ जाएंगे!
संभल पुलिस के मुताबिक बहजोई थाने ने फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाने और बदलाव करने के मामले में ढयोढाई गांव के जसवीर, मनैना रामगढ़ गांव के हरीश कुमार और नंदपुर गांव के बिल्टू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह में शामिल ईश्वर मेघवाल, सतपाल, सुरेंद्र कुमार, ओमेंद्र यादव और जीतेंद्र फरार हैं। जिनकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के बारे में पुलिस का दावा है कि उन्होंने पूछताछ में बताया कि अपने साथियों के जरिए आधार पोर्टल का लॉगइन आईडी व पासवर्ड हासिल कर फर्जी तरीके से आधार कार्ड तैयार करते थे। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि लंबे वक्त से ये काम किया जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि अवैध सॉफ्टवेयर से आधार की लॉगइन आईडी व पासवर्ड से कहीं भी लॉगइन कर लेते थे। इसके बाद संबंधित व्यक्ति का फोटो, फिंगर प्रिंट और आंखों की पुतली के डेटा में बदलाव कर फर्जी आधार कार्ड बनाते थे। इनके कब्जे से आधार की रसीदें, एनरोलमेंट फॉर्म, कई आधार कार्डस लैपटॉप, प्रिंटर, फिंगर प्रिंट स्कैनर, आंख स्कैन करने वाली मशीन समेत कई चीजें मिली हैं। बता दें कि देश के कई हिस्सों में फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाने के मामले सामने आते रहे हैं। फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाकर आमतौर पर रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों को दिए जाते हैं। एनआईए इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
