ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर लगाया 2 मिलियन डॉलर का टोल
नई दिल्ली। ईरान ने जंग के बीच अब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से 2 मिलियन डॉलर का टोल वसूलने का फैसला किया है। ईरान के सांसद और राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के सदस्य अलाएद्दीन बोरूजेर्दी ने इस टैक्स की पुष्टि करते हुए कहा है कि यह ईरान का अधिकार है। उन्होंने कहा कि इसे पहले ही लागू कर दिया गया लेकिन अब चूंकि युद्ध की लागत बढ़ गई है इसलिए ट्रांजिट शुल्क वसूलना जरूरी हो गया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इससे पहले कहा कि होर्मुज स्ट्रेट बंद नहीं है, सिर्फ जहाजों आवागमन बंद है। उन्होंने ट्रंप के नाम जारी संदेश में कहा कि धमकियों से कोई नहीं डरता।
अराघची ने यह भी कहा कि अमेरिका के साथ बातचीत के रास्ते अब हमेशा के लिए बंद हो गए हैं क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने धोखा दिया है। ट्रंप ने आश्वासन दिया गया था कि ईरान पर किसी प्रकार का कोई अटैक नहीं होगा और इसके बावजूद अमेरिका ने ईरान पर हमला किया। उन्होंने वादा करके विश्वासघात किया है और इस वजह से तेहरान और वॉशिंगटन के बीच कूटनीतिक तौर पर बातचीत की उम्मीद भी खत्म हो गई है।
इसी के साथ ईरान ने धमकी देते हुए कहा कि अगर अमेरिका ने ईरान के बिजली संयंत्रों पर हमला किया तो होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। ईरान के विदेश मंत्री की यह धमकी ट्रंप की उस चेतावनी का पलटवार है जिसमें उन्होंने कहा है कि अगर ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को नहीं खोला तो उसके बिजली संयंत्रों पर हमला किया जाएगा। वहीं अब्बास अराघची के इस बयान से यह भी स्पष्ट हो गया है कि ईरान अमेरिका किसी धमकी के दबाव में आकर पीछे हटने वाला नहीं है। 28 फरवरी से जारी युद्ध के अभी भी खत्म होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।
