उद्धव ठाकरे की शिवसेना यूबीटी में घनघोर नाराजगी की खबर!, ऑपरेशन टाइगर की अटकलों ने पकड़ा जोर
मुंबई। उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) से बड़ी खबर आई है। खबर के मुताबिक दिल्ली में शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत के आवास पर पार्टी के सांसदों की बैठक में नेतृत्व से घनघोर नाराजगी दिखाई दी। चैनल ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि उद्धव गुट के सांसदों ने संजय राउत के आवास पर हुई बैठक में साफ कहा कि नेतृत्व से उनको मिलने का वक्त नहीं दिया जा रहा। सांसदों ने महाराष्ट्र निकाय चुनावों में सहयोग न मिलने की शिकायत भी की। इससे इन अटकलों ने जोर पकड़ा है कि उद्धव ठाकरे की पार्टी में गहरे तक असंतोष फैल गया है।
चैनल की खबर के मुताबिक उद्धव ठाकरे गुट के सांसदों की नाराजगी के बीच शिवसेना प्रमुख और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के हाल के दिल्ली दौरे और ऑपरेशन टाइगर की चर्चा भी हो रही है। खबर के मुताबिक अपनी पार्टी के सांसदों की नाराजगी की वजह समझने और उसे दूर करने के लिए उद्धव ठाकरे अब मुंबई में उनके साथ बैठक करेंगे। उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) के 10 सांसद हैं। इनमें से 9 सांसद लोकसभा में हैं। वहीं, महाराष्ट्र विधानसभा में उद्धव की पार्टी के 20 विधायक हैं। अगर शिवसेना (यूबीटी) में फिर कोई टूट होती है, तो इससे उद्धव और आदित्य ठाकरे की सियासी जमीन को बहुत बड़े भूकंप का सामना करना होगा।
इससे पहले साल 2022 में उद्धव ठाकरे को एकनाथ शिंदे और उनके साथियों ने झटका दिया था। तब शिंदे गुट के बगावत की वजह से उद्धव ठाकरे की सरकार गिर गई थी। साथ ही एकनाथ शिंदे ने अपने पक्ष में सांसदों और विधायकों का बहुमत हासिल कर शिवसेना और उसके चुनाव चिन्ह तीर-कमान पर भी कब्जा जमा लिया था। जिसके बाद उद्धव ठाकरे ने शिवसेना (यूबीटी) नाम से अलग पार्टी बनाई। उद्धव की पार्टी को साल 2024 के लोकसभा चुनाव में तो फायदा हुआ, लेकिन महाराष्ट्र विधानसभा के पिछले चुनावों से लेकर हाल के बीएमसी व नगर निकाय चुनावों में उनको नुकसान दर नुकसान होता गया है।
