फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 14 लोग पकड़े गए
नई दिल्ली। फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने यूपी एसटीएफ की मदद से उत्तर प्रदेश के आगरा से गोलू पंडित नाम के एक आरोपी को पकड़ा है। मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम उसे लेकर मुंबई के लिए रवाना हो गई है। संभवत: कल उसे अदालत में पेश किया जाएगा। इस केस में अब तक यह 14वीं गिरफ्तारी है। गोलू पंडित से पूछताछ के बाद पुलिस को इस केस से संबंधित कुछ और जानकारी मिलने की संभावना है।
रोहित शेट्टी मुंबई के जुहू में रहते हैं। 31 दिसंबर की देर रात 12 बजे के बाद उनके घर के बाहर अज्ञात लोगों ने देर रात फायरिंग की थी। बदमाशों ने लगभग 5 राउंड गोलीबारी की जिसमें से एक गोली बिल्डिंग में बने जिम के शीशे में फंस गई थी। हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था। इस घटना के बाद मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने तत्काल चार संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू की थी। उसके बाद से पुलिस इस मामले में एक-एक कड़ी जोड़ते हुए छानबीन में लगी है और इस घटना को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
इस घटना के बाद शुभम लोनकर आरजू बिश्नोई नाम की आईडी वाले एक फेसबुक एकाउंट पर मैसेज पोस्ट करके गोलीबारी की इस घटना की जिम्मेदारी ली गई थी। उस फेसबुक पोस्ट में लिखा था इसको (रोहित शेट्टी को) बहुत सारे मैसेज किए, हमारे काम में दखल न दे लेकिन इसको समझ नहीं आया। इसे अभी छोटा सा ट्रेलर दिया है, अगर आगे हमारी बात नहीं मानी तो इस बार गोली घर के बाहर नहीं बेडरूम में इसकी छाती पर चलेगी। मैसेज के नीचे सबसे लास्ट में लिखा था, एक ही था, एक ही है और एक ही रहेगा लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप।
