March 31, 2026

Hind foucs news

hindi new update

युद्ध का असर : सोने और चांदी के भाव में और गिरावट, जानिए एमसीएक्स पर क्या रहा हाल?

नई दिल्ली। ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल का युद्ध शुरू होने के बाद से एक तरफ कच्चा तेल महंगा हो रहा है। वहीं, सोना और चांदी सस्ते हो रहे हैं। एक बार फिर सोने और चांदी के भाव में गिरावट देखी गई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स पर सोमवार को सोना और चांदी के वायदा रेट और नीचे आ गए। एमसीएक्स पर 24 कैरेट सोने के रेट में 7135 रुपए की गिरावट आई। जिससे खरे सोने का प्रति 10 ग्राम 1.37 लाख रुपए पर आ गया। वहीं, एमसीएक्स पर चांदी की कीमत में 13606 रुपए की गिरावट आई। जिससे एमसीएक्स पर प्रति किलो चांदी 2.13 लाख की हो गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी के भाव लगातार गिर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना टूटकर 4462 डॉलर प्रति औंस पर आ गया है। जबकि, कुछ दिन पहले ही सोने की कीमत 5400 डॉलर थी। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी प्रति औंस 67.5 डॉलर में बिक रही है। कुछ दिन पहले अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी के भाव 80 डॉलर से ऊपर चल रहे थे। माना जा रहा है कि डॉलर इंडेक्स में बढ़ोतरी और अमेरिका के फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में और कटौती न किए जाने के संकेत से सोना और चांदी लगातार फिसल रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में भी सोना और चांदी बाजार में अपनी चमक खो सकते हैं।

साल 2025 की शुरुआत से ही पहले सोना लगातार महंगा हुआ था। इसके बाद चांदी की कीमत में बढ़ोतरी शुरू हुई। एक बार तो सोने के भाव 2 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी के रेट 4 लाख रुपए प्रति किलो के रिकॉर्ड तक भी पहुंच गए थे। यूक्रेन युद्ध के लगातार जारी रहने के कारण बाजार में चांदी और सोना महंगे होने शुरू हुए थे। क्योंकि इस युद्ध के कारण यूरोप और अमेरिका में महंगाई तेजी से बढ़ी और मंदी की आशंका में निवेशकों ने सोने और चांदी में निवेश करना शुरू किया। इसके अलावा तमाम इलेक्ट्रॉनिक की चीजों और इलेक्ट्रिक गाड़ियों में इस्तेमाल होने के कारण भी सोना और चांदी महंगे हुए। ऐसे में ईरान युद्ध शुरू होने पर इनके भाव में और बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन सोना और चांदी के भाव इस आशंका के उलट व्यवहार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *