March 28, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बिहार में स्मार्ट प्रीपेड मीटर पर नई दरें होने जा रहीं लागू, जानिए कब सस्ती और महंगी मिलेगी बिजली?

पटना। बिहार में जल्दी ही स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटर वाले उपभोक्ताओं को दिन में अलग-अलग वक्त अलग-अलग रेट पर बिजली मिलेगी। बिहार बिजली नियामक आयोग (बीईआरसी) ने बिजली कंपनियों की ओर से इस बारे में दी गई याचिका को स्वीकार कर लिया है। 1 अप्रैल से बिहार के स्मार्ट प्रीपेड मीटर वाले उपभोक्ताओं पर ये नियम लागू होगा। इस तरह के मीटर वाले उपभोक्ताओं की संख्या 87 लाख से ज्यादा है। इसके तहत बिहार में प्रीपेड मीटर वालों को दिन में सस्ती और रात में महंगी बिजली मिलेगी।

चैनल न्यूज18 ने बताया है कि बिहार में स्मार्ट प्रीपेड मीटर पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अगर 100 रुपए की बिजली जलाते हैं, तो 80 रुपए देने होंगे। शाम 5 से रात 11 बजे तक पीक आवर होगा। इस दौरान उद्योगों से 100 रुपए की बिजली के लिए 120 रुपए लिए जाएंगे। जबकि, निजी उपभोक्ताओं को 110 रुपए देने होंगे। वहीं, रात 11 बजे से सुबह 9 बजे तक सामान्य दर से बिजली मिलेगी। कहा जा रहा है कि पीक आवर में बिजली सप्लाई पर से लोड कम करने के लिए ये फैसला किया गया है। पहले टाइम ऑफ डे टैरिफ की व्यवस्था सिर्फ उद्योगों और कारोबार करने पर ही लागू थी।

नई व्यवस्था में दिन के वक्त ज्यादा बिजली इस्तेमाल करने वालों को कम बिल देना होगा। वहीं, शाम से लेकर रात तक बिजली का ज्यादा इस्तेमाल करने पर ज्यादा बिल चुकाना होगा। बिहार की नीतीश कुमार सरकार 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देती है। बिहार के शहरी बिजली उपभोक्ताओं के लिए सरकार 7.42 रुपए प्रति यूनिट में से 3.30 रुपए प्रति यूनिट सब्सिडी देती है। जिससे बिजली के हर यूनिट के लिए 4.12 रुपए ही चुकाने होते हैं। वहीं, बीपीएल परिवारों को नीतीश कुमार सरकार 5.45 रुपए प्रति यूनिट तक बिजली बिल में सब्सिडी देती है। अब बिहार के स्मार्ट प्रीपेड मीटर वाले उपभोक्ताओं को खर्च के हिसाब से ज्यादा बिजली बिल भरना होगा। गर्मी के मौसम में हर वक्त पंखे और एसी-कूलर वगैरा ज्यादा चलते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *