पहाड़ों से मैदान तक फिर बदलने वाला है मौसम, जानिए कहां-कहां होगी बारिश और ओलावृष्टि
नई दिल्ली। दो और पश्चिमी विक्षोभ के कारण तमाम राज्यों में मौसम फिर पलटी खा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में शुक्रवार तक बर्फबारी और मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। वहीं, उत्तर-पश्चिमी भारत में 31 मार्च तक रुक-रुककर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली समेत हरियाणा, यूपी, पंजाब और राजस्थान में कई जगह गरज और चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर में भी बारिश का सिलसिला देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने बताया है कि 29 मार्च तक असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका है। पश्चिम बंगाल के हिमालय से सटे इलाकों और सिक्किम में भी कई जगह जबरदस्त बारिश के हालात बन रहे हैं। वहीं, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के विदर्भ और छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान और हल्की बारिश होने की बात मौसम विभाग ने अपने बुलेटिन में कही है। दक्षिण के कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी 31 मार्च तक गरज-चमक और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने बताया है कि यूपी में शुक्रवार को कई जगह तेज बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं। यूपी में 31 मार्च तक कई जगह तेज बारिश होती रहेगी। इस दौरान राज्य में तेज हवाएं भी चलने की संभावना है। यूपी के पड़ोसी राज्य बिहार में आंधी, ओलावृष्टि बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिलेगी। माना जा रहा है कि ताजा पश्चिमी विक्षोभ के बाद देश के उत्तर से लेकर दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी। पिछले दिनों महाराष्ट्र समेत देश के कुछ हिस्सों में गर्म हवाएं चलनी शुरू हो गई थीं। पश्चिमी विक्षोभ आने की वजह से तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग ने पहले ही कहा है कि इस साल एल-नीनो प्रभाव के कारण देश में बहुत गर्मी पड़ने वाली है।
