बिहार का नया सीएम तय करने पर जेडीयू ने रखी बीजेपी के सामने शर्त!
पटना। बिहार के सीएम और जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए चुने जा चुके हैं। ऐसे में बिहार के सीएम पद पर अब नीतीश कुमार की जगह किसी और को एनडीए की ओर से बिठाया जाना है। अब खबर है कि बिहार के नए सीएम के बारे में जेडीयू ने बीजेपी के सामने बड़ी शर्त रखी है। इंडियन एक्सप्रेस अखबार के मुताबिक जेडीयू ने शर्त रखी है कि बिहार का नया सीएम नीतीश कुमार की पसंद का होना चाहिए। साथ ही जेडीयू की ये भी शर्त है कि नीतीश कुमार की राजनीतिक लाइन पर बिहार के नए सीएम को काम करना होगा। जेडीयू नहीं चाहती कि बिहार का नया सीएम उसके संगठन या राजनीतिक समीकरण के उलट हो।
नीतीश कुमार के बाद बिहार का सीएम कौन होगा? इस सवाल का जवाब अभी नहीं मिला है। डिप्टी सीएम और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी समेत कई नाम चर्चा में हैं। वहीं, नीतीश कुमार ने अब तक ये नहीं बताया है कि वो बिहार के सीएम पद से कब इस्तीफा देंगे। नीतीश कुमार ने बिहार की जनता के नाम संदेश में ये जरूर बताया है कि राज्यसभा जाने के बावजूद वो बिहार पर नजर रखेंगे और नई सरकार भी उनके तय किए रास्ते पर ही काम करेगी। अखबार की खबर में कहा गया है कि बीजेपी को उम्मीद थी कि समृद्धि यात्रा के बाद नीतीश कुमार सीएम पद से इस्तीफा देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अखबार से जेडीयू के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि बिहार का नया सीएम वो हो, जो नीतीश कुमार की विरासत को आगे बढ़ाए। वहीं, एक और नेता ने कहा कि बिहार में समाजवादी राजनीति की गहरी जड़ें हैं और ये मध्य प्रदेश या राजस्थान नहीं है।
बिहार के पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी के 89 विधायक जीते थे। वहीं, जेडीयू के 85 प्रत्याशी चुनकर बिहार विधानसभा में पहुंचे थे। इस तरह जेडीयू के पास भले ही बीजेपी से कम विधायक हों, लेकिन संख्या बहुत कम भी नहीं है। खास बात ये भी है कि नीतीश कुमार की जेडीयू के सहयोग से केंद्र की मोदी सरकार भी चल रही है। क्योंकि बीजेपी को अपने दम पर केंद्र में बहुमत हासिल नहीं है। ऐसे में आने वाले दिन ये बताएंगे कि नीतीश कुमार और जेडीयू के दबाव में बीजेपी बिहार में सीएम बनाने पर फैसला करती है या नहीं। फिलहाल ये चर्चा है कि नीतीश कुमार 30 मार्च को बिहार का सीएम पद छोड़ देंगे।
