यूपीएसटीएफ ने बिहार से मौलाना अब्दुल्ला सलीम को पकड़ा, सीएम योगी आदित्यनाथ की मां के बारे में दिया था अभद्र बयान
पूर्णिया। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की मां और गाय के बारे में अभद्र टिप्पणी करने वाले मौलाना अब्दुल्ला सलीम को यूपीएसटीएफ ने बिहार से गिरफ्तार किया है। बिहार के पूर्णिया से मौलाना अब्दुल्ला सलीम को गिरफ्तार किया गया। मौलाना अब्दुल्ला सलीम बिहार के अररिया जिले के जोकीहाट का रहने वाला है।
न्यूज चैनल इंडिया टीवी ने बिहार के एआईएमआईएम विधायक अख्तरुल ईमान के हवाले से मौलाना अब्दुल्ला सलीम की गिरफ्तारी की खबर दी है। मौलाना भी एआईएमआईएम से जुड़ा रहा है। चैनल को अख्तरुल ईमान ने बताया कि मौलाना अब्दुल्ला को उनके ही विधानसभा क्षेत्र से यूपी पुलिस ने गिरफ्तार किया। मौलाना अब्दुल्ला ने मार्च की शुरुआत में एक धार्मिक सभा में सीएम योगी आदित्यनाथ की मां और गाय के बारे में अभद्र बातें कही थीं। यूपी के गोहत्या निषेध कानून के बारे में भी मौलाना अब्दुल्ला सलीम ने भड़काऊ बातें बोलीं। सोशल मीडिया पर मौलाना का बयान वायरल हुआ था। इससे तमाम लोग नाराज हुए थे।
नतीजे में मौलाना अब्दुल्ला सलीम के खिलाफ यूपी के 80 से ज्यादा थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। तुरंत मौलाना की गिरफ्तारी की मांग उठी थी। सीएम योगी आदित्यनाथ की मां के बारे में अभद्र बातें कहे जाने से लोग ज्यादा आक्रोशित थे। इसके बाद यूपी पुलिस ने मौलाना के बयान के बारे में और छानबीन की। मौलाना अब्दुल्ला सलीम को अब कानून का सामना करना होगा। हालांकि, सीएम योगी का उनके विरोधी तरह-तरह से विरोध करते रहे हैं, लेकिन पहली बार ऐसा हुआ, जब किसी ने यूपी के सीएम योगी की मां के बारे में ऐसी बातें कहीं। ऐसे में मौलाना अब्दुल्ला सलीम के लिए आने वाले दिन मुश्किल भरे होने जा रहे हैं।
