जहां आप पढ़ा रहे हैं, वहीं अपने बच्चे को पढ़ाइए, योगी आदित्यनाथ ने बेसिक शिक्षकों से किया आह्वान, चित्रकूट के डीएम का दिया उदाहरण
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन एवं ट्रांजिशन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वाराणसी में ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ किया। इस दौरान योगी ने प्रदेश के सभी बेसिक शिक्षकों से एक विशेष आह्वान किया। सीएम ने कहा कि मैं कुछ दिनों पहले पढ़ रहा था कि चित्रकूट के डीएम (पुलकित गर्ग) ने अपने बच्चे का एडमिशन आंगनवाड़ी केंद्र में कराया है। यह आप भी तो कर सकते हैं। जहां आप पढ़ा रहे हैं, वहीं अपने बच्चे को लेकर जाइए। जब आपका बच्चा वहां पढ़ेगा तब एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा आगे बढ़ेगी। हमें बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों को कॉन्वेंट और पब्लिक स्कूलों के अनुरूप बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेसिक शिक्षा परिषद में पढ़ने वाले हर बच्चे के लिए डबल इंजन की सरकार ने साल में दो यूनिफॉर्म, बैग, किताबें, जूते, मोजे, स्वेटर ये सारी सुविधाएं फ्री में उपलब्ध करवाई हैं। हमारे शिक्षकों का दायित्व बनता है कि हम हर अभिभावक के साथ संवाद बनाएं और यह व्यवस्था सुनिश्चित करें कि अभिभावक अपने बच्चों के लिए यूनिफॉर्म और स्वेटर जरूर खरीदें। देश के भविष्य को गढ़ने का सौभाग्य सबको प्राप्त नहीं होता। योगी ने कहा कि मैं आज भी जब अपने शिक्षकों से मिलता हूं तो पैर छूकर उनका सम्मान करता हूं और यह संस्कार आपको अपने बच्चों के अंदर भरने पड़ेंगे।
योगी ने अनुदेशकों को 17,000 और शिक्षामित्रों को 18,000 रुपए का मानदेय इसी महीने से दिए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा, शिक्षक, शिक्षामित्र, रसोइया या अनुदेशकों इन सभी के लिए सरकार ने 5 लाख रुपए के कैशलेश स्वास्थ्य सुविधा सरकार उपलब्ध कराएगी। सीएम बोले, जब एक बच्चा साक्षर होता है, तो समाज साक्षर होता है और राष्ट्र समृद्धि की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता है। यह यशस्वी बनने का समय है, राष्ट्रीय अभियान का हम हिस्सा बनें, हर बच्चे को स्कूल लेकर जाएं। उत्तर प्रदेश के बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग से जुड़े हुए सभी शिक्षकों ने मेहनत की, परिश्रम किया और ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
