राघव चड्ढा के समर्थन में उतरी कांग्रेस, उदित राज ने आम आदमी पार्टी पर साधा निशाना
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी और उसके राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के बीच विवाद पर कांग्रेस ने प्रतिक्रिया देते हुए आप पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता उदित राज का कहना है कि आम आदमी पार्टी ने जनता को धोखा दिया है। आप को अपना चरित्र देखना चाहिए। उन्होंने 2G स्पेक्ट्रम घोटाला, कोयला घोटाला, कॉमनवेल्थ गेम्स पर झूठे आरोप लगाकर यूपीए की सरकार को बेदखल किया था, कांग्रेस को बदनाम किया था जबकि कोई आरोप सिद्ध नहीं हुआ। इनके साथ जितना किया जाए उतना कम है। इन्होंने दुनिया को धोखा दिया, लूटमार की, इनको तो और भी सबक मिलना चाहिए।
राघव चड्ढा का समर्थन करते हुए उदित राज ने कहा कि उन्होंने जो किया वो ठीक किया। आप ने और लोगों के साथ क्या किया और अब ये कह रहे हैं कि राघव चड्ढा हमारा साथ नहीं दे रहे हैं, बीजेपी से मिल गए हैं। उदित राज ने आरोप लगाया कि आप ने भी तो बीजेपी के साथ मिलकर कांग्रेस को उखाड़ा था। आज अपने सुविधा के हिसाब से, व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा को पूरी करने के लिए पार्टी बनाई है। आप के पास दम था लाखों लोगों को रामलीला मैदान में खाना खिलाना का? आप को अपना इतिहास देखना चाहिए। राघव चड्ढा ने जो किया बिल्कुल सही किया और अन्य लोगों को भी ऐसा ही करना चाहिए।
बता दें कि आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के उपनेता पद से हटा दिया और राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर राघव चड्ढा को सदन में बोलने का समय नहीं दिए जाने की मांग की। इसके बाद राघव चड्ढा ने बागी तेवर दिखाते हुए अपना एक वीडियो जारी किया जिसमें उन्होंने कहा था कि खामोश कराया गया हूं, हारा नहीं हूं। इसके बाद आम आदमी पार्टी के तमाम नेताओं ने राघव चड्ढा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और उन पर आरोपों की झड़ी लगा दी।
