मौसम विभाग ने अगले तीन हफ्ते के लिए जारी किया ये अलर्ट, जानिए कैसा रहने वाला है आपके यहां हाल
नई दिल्ली। तगड़े पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर से लेकर पूर्वोत्तर भारत तक फिलहाल मौसम बदला हुआ है। इस पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में जहां बारिश और बर्फबारी हो रही है। वहीं, दिल्ली, यूपी, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में भी बारिश और ओलावृष्टि हुई है। मौसम विभाग ने अब अलर्ट जारी कर बताया है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद उत्तर और मध्य भारत में किस तरह का मौसम क्या रूप लेने वाला है।
मौसम विभाग ने सावधान रहने की चेतावनी देते हुए बताया है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद अगले तीन हफ्ते तक प्रचंड गर्मी पड़ने वाली है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटे में यूपी, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान देखने को मिलेगा। वहीं, जम्मू-कश्मीर, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में बारिश कम हो जाएगी और बादल भी छंट जाएंगे। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 36 घंटे में देश से पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो जाएगा।
मौसम विभाग ने पहले ही भविष्यवाणी की थी कि इस साल प्रचंड गर्मी पड़ने वाली है। इसकी वजह एल-नीनो का असर है। मौसम विभाग ये भी बता चुका है कि एल-नीनो के कारण इस साल मॉनसून की बारिश भी कम होगी। एल-नीनो प्रभाव में समुद्र की सतह का तापमान जमीन से ज्यादा हो जाता है। इसकी वजह से बादल बनने और जमीन तक पहुंचने में दिक्कत होती है। बीते दो साल से ला-नीना प्रभाव के कारण जमीन के मुकाबले समुद्र की सतह का तापमान कम था। इस वजह से मॉनसून के सीजन में औसत से ज्यादा बारिश के साथ ही ठंड ने भी काफी सितम ढाया। अब प्रचंड गर्मी अपना सितम ढाने जा रही है। इसलिए गर्मी से बचने की तैयारी अभी से कर लीजिए। इस बारे में आने वाले दिनों में और अपडेट मौसम विभाग की ओर से जारी किया जाएगा।
