June 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पंजाब को दहलाने की साजिश नाकाम, आईएसआई प्रायोजित बीकेआई आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़

नई दिल्ली। पंजाब पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम किया है। अमृतसर ग्रामीण पुलिस, गुरदासपुर पुलिस और एसएसओसी-अमृतसर ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर संयुक्त अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए, विदेशी हैंडलर द्वारा संचालित आईएसआई प्रायोजित बीकेआई आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 5 हथगोले, 2 विशेष डेटोनेटर, कोडर और डिकोडर सहित पीटीटी टाइमर, 9 वोल्ट की बैटरी, आईईडी सामग्री (कीलों से भरा 1 किलो उच्च विस्फोटक), केबल और ट्रिगर सहित वॉकी-टॉकी बरामद किया गया है। इनके पास से बरामद इन चीजों से यह अनुमान लगाया जा सकता है कि यह शांति भंग करने के उद्देश्य से किसी बड़े हमलों की तैयारी कर रहे थे।

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने इस बाबत जानकारी देते हुए बताया कि गुरदासपुर के कलानौर पुलिस स्टेशन में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इनके विदेशी हैंडलर और स्थानीय सहायता नेटवर्क सहित अन्य लिंक का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। अभी एक दिन पहले ही पुलिस ने सीमा पार से अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया था। तीन आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर उनके पास से 7 अत्याधुनिक पिस्टल, 12 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की थी।

गैंगस्टर-विरोधी हेल्पलाइन की शुरुआत

इसके अलावा पंजाब पुलिस ने आज एक गैंगस्टर-विरोधी हेल्पलाइन भी शुरू की है। जनता से आह्वान किया गया है कि वो हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर सीधे सूचना साझा करे ताकि वांछित अपराधियों को पकड़ने में मदद मिल सके। डीजीपी ने यह भी आश्वस्त किया है कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी ताकि उनकी सुरक्षा को किसी प्रकार का कोई खतरा न हो। डीजीपी ने बताया कि गैंगस्टरों की गिरफ्तारी में सहायक सूचना देने पर 10 लाख रुपये तक का नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा। डीजीपी ने जनता से अनुरोध किया है वो अपराधियों को पकड़ने में पुलिस की सहायता के लिए तुरंत सूचना साझा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *