April 14, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मोजतबा खामेनेई की हालत के बारे में आया ताजा अपडेट, बुरी तरह घायल होकर ईरान के सुप्रीम लीडर ने गंवाया ये अंग!

तेहरान। ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी से युद्ध शुरू किया था। इजरायल ने पहले ही दिन ईरान की राजधानी तेहरान में बड़ा हमला कर तत्कालीन सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की जान ली थी। बीते दिनों खबर आई थी कि इजरायल के उस हमले में खामेनेई के बेटे मोजतबा भी गंभीर रूप से घायल हुए। अब न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने बताया है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई कितने घायल हुए हैं।

सूत्रों के हवाले से रॉयटर्स ने बताया है कि मोजतबा खामेनेई के चेहरे पर बहुत ज्यादा चोट लगी है। जिससे मोजतबा का चेहरा बिगड़ गया है। साथ ही गंभीर रूप से घायल हुए मोजतबा ने अपना एक पैर भी गंवा दिया है। इससे पहले न्यूज एजेंसी ने खबर दी थी कि ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का कोम शहर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। मोजतबा खामेनेई को 8 मार्च को ईरान का नया सुप्रीम लीडर चुना गया था, लेकिन अब तक वो जनता के सामने नहीं आए हैं। इससे लगता है कि इजरायल के हमले में मोजतबा के गंभीर रूप से घायल होने की खबर में सच्चाई है।

वहीं, ईरान की ओर से कई बार कहा गया है कि उसके सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ठीक हैं। ईरानी सूत्रों के हवाले से मीडिया ने बताया था कि मोजतबा खामेनेई कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अफसरों और नेताओं से बात करते हैं। साथ ही पाकिस्तान में ईरान और अमेरिका के बीच होने जा रही बातचीत के बारे में भी मोजतबा ने चर्चा कर अपने देश का रुख बताने के लिए कहा है। ईरान लगातार कह रहा है कि वो होर्मुज से गुजरने पर टोल लगाएगा। साथ ही ईरान की मांग है कि लेबनान पर इजरायल के हमले रुकने चाहिए। ईरान ये भी कह रहा है कि जो 10 सूत्रीय युद्धविराम प्रस्ताव उसने अमेरिका को दिया, उसमें यूरेनियम संवर्धन जारी रखने की शर्त भी है। वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कर दिया है कि ईरान को होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से टोल नहीं लेने दिया जाएगा। ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को मंजूरी देने से भी स्पष्ट तौर पर इनकार कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *