April 14, 2026

Hind foucs news

hindi new update

सैलरी बढ़ाए जाने की मांग को लेकर नोएडा में प्राइवेट कर्मचारियों का हिंसक प्रदर्शन

नई दिल्ली। सैलरी बढ़ाए जाने की मांग को नोएडा में पिछले तीन चार दिनों से चल रहे प्राइवेट कर्मचारियों के प्रदर्शन ने आज हिंसक रूप ले लिया। ग्रेटर नोएडा के फेस-2 में स्थित होजरी कॉम्प्लेक्स डी ब्लॉक के पास ऋचा ग्लोबल, रेनबो, पैरामाउंट और एसएनडी समेत करीब छह होजरी कंपनियों के कर्मचारी काम बंद कर सड़कों पर उतर आए। बड़ी संख्या में कर्मचारी इकट्ठा हुए और पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसके बाद कुछ गाड़ियों में आग लगा दी। इस घटना के बाद वहां अफरा तफरी का माहौल हो गया और स्थिति को काबू करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

प्रदर्शनकारियों को तितर बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े। फिलहाल पीएसी समेत अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। इस प्रदर्शन की वजह से नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कई जगह पर यातायात प्रभावित हुआ है जिसके चलते भीषण जाम की स्थिति बन गई है। दरअसल मजदूरों का कहना है कि लगभग 11,000 रुपए मासिक वेतन मिल रहा है, जबकि सरकार की ओर से न्यूनतम मासिक वेतन 20,000 रुपए की बात कही गई है। जिसे लागू करने की मांग कर्मचारी कर रहे हैं। कर्मचारियों को कहना है कि महंगाई के दौर में मौजूदा इतनी सैलरी पर्याप्त नहीं है, जिससे उनका जीवनयापन प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा काम के घंटे तय किए जाने और सप्ताह में एक अनिवार्य साप्ताहित अवकाश सुनिश्चित किए जाने की मांग भी कर्मचारी उठा रहे हैं।

गौतमबुद्ध नगर की डीएम मेधा रूपम ने प्रदर्शनकारियों से शांति कायम रखने की अपील की है। कर्मचारियों की सहायता हेतु कंट्रोल रूम नम्बर 120-2978231,120-2978232,120-2978862,120-2978702 भी जारी किए गए हैं, जहां वो अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इससे पहले श्रमिकों और प्रशासन के बीच बातचीत हुई थी जिसमें प्रशासन की ओर से उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया था हालांकि इसके बावजूद प्रदर्शन कर रहे मजदूर इस बात से सहमत नहीं हुए और अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *