पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा की सुरक्षा वापस ली
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के बीच मतभेद और गहरे होते जा रहे हैं। पंजाब में भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार ने अपने सांसद राघव चड्ढा को दी गई सुरक्षा वापस ले ली है। पंजाब सरकार की ओर से राघव को जेड प्लस श्रेणी का सिक्योरिटी कवर दिया गया था मगर अब बढ़ते विवाद के बाद उनकी सुरक्षा में तैनात पंजाब पुलिस के जवानों को हटा लिया गया है। इस बीच सूत्रों के अनुसार अब केंद्र सरकार राघव चड्ढा को सुरक्षा दे सकती है। फिलहाल उनको दिल्ली सरकार की ओर से सिक्योरिटी कवर दिया जाएगा।
बता दें कि कुछ दिन पहले ही राघव चड्ढा को आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा में पार्टी के उप नेता पद से हटा दिया था। उनकी जगह राज्यसभा सांसद और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को लिखे पत्र में राघव चड्ढा को बोलने के लिए वक्त न दिए जाने की बात भी कही थी। इसके बाद राघव चड्ढा ने बगावती तेवर दिखाते हुए एक वीडिया जारी किया जिसमें उन्होंने कहा, खामोश कराया गया हूं, हारा नहीं हूं। इसी के साथ उन्होंने कहा कि अब तक उन्होंने राज्यसभा में जो भी मुद्दे उठाए वो आम आदमी से जुड़े हुए थे। उन्होंने सवाल पूछा कि क्या इन मामलों को उठाना गलत है?
इसके बाद आम आदमी पार्टी के तमाम नेताओं की तरफ से वीडियो और बयान जारी कर राघव चड्ढा को घेरने का प्रयास किया गया। आप नेताओं ने राघव चड्ढा पर आरोप लगाया कि पिछले कुछ सालों से तुम डर गए हो। मोदी के खिलाफ बोलने से घबराते हो। देश के असली मुद्दों पर बोलने से घबराते हो। इसके बाद राघव चड्ढा ने जोरदार पलटवार करते हुए एक और वीडियो जारी किया जिसमें उन्होंने अपनी सफाई पेश करते हुए कहा कि मैं घायल हूं इसलिए घातक हूं।
