नासिक टीसीएस की मैनेजर निदा खान अब तक फरार, एफआईआर में लगाए गए हैं यौन उत्पीड़न, रेप और धर्मांतरण की कोशिश केसंगीन आरोप
नासिक। महाराष्ट्र के नासिक में टीसीएस कंपनी में यौन उत्पीड़न, रेप और धर्मांतरण की कोशिश के आरोप में 7 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं, लेकिन एचआर मैनेजर निदा खान अब तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सकी है। निदा खान की तलाश की जा रही है। पुलिस को दी गई एफआईआर में कहा गया है कि निदा खान टीसीएस में सिर्फ एचआर की भूमिका नहीं निभाती थी। वो यौन शोषण और धर्मांतरण की कोशिश के आरोपियों के साथ खड़ी रहती थी। एफआईआर में टीसीएस की मैनेजर निदा खान पर और भी कई संगीन आरोप लगाए गए हैं।
एफआईआर के मुताबिक निदा खान दफ्तर में काम करने वाली गैर मुस्लिम युवतियों को इस्लामी रीति-रिवाज अपनाने के लिए दबाव डालती थी। साथ ही निदा खान के बारे में पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वो गैर मुस्लिम युवतियों को बुरका पहनना भी सिखाती थी। टीसीएस नासिक की महिला कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि टीम लीडर्स के तौर पर काम करने वाले आरोपी घूरते, छूते और निजी जीवन पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते थे। इसका विरोध करने पर और ज्यादा परेशान किया जाता था। जब एक महिला ने शिकायत की, तो उससे ये तक कहा गया कि ऐसे मामले तो हर कंपनी में होते ही रहते हैं।
इस मामले में एक और जानकारी सामने आई है कि टीसीएस की नासिक यूनिट में रविवार की जगह शुक्रवार को छुट्टी होती थी। कुल मिलाकर अब तक की जांच में पता चला है कि टीसीएस नासिक यूनिट को पूरी तरह इस्लामी चाल-चलन के जगह के तौर पर ढाला जाता था। ताजा खबर ये है कि टाटा ग्रुप ने फिलहाल नासिक यूनिट के स्टाफ को दफ्तर न आकर घर से काम करने के लिए कहा है। इस मामले में पुलिस को जब शिकायत मिली, तो पुलिस ने कुछ महिला कर्मचारियों को सफाईकर्मी बनाकर वहां भेजा और उन्होंने पुख्ता सबूत जुटाए। उसके बाद 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। इस मामले में टाटा ग्रुप ने अलग से जांच भी बिठाई है।
