May 20, 2026

Hind foucs news

hindi new update

संभल में अब अवैध ईदगाह और इमामबाड़े पर योगी सरकार का बुलडोजर एक्शन, 6.5 करोड़ की सरकारी जमीन कराई खाली

संभल। यूपी के संभल में गुरुवार को फिर योगी सरकार का बुलडोजर एक्शन हुआ। पांच थानों की पुलिस और पीएसी के साथ प्रशासन ने संभल के बिछौली गांव में सरकारी जमीन पर बने अवैध ईदगाह और इमामबाड़े पर चार बुलडोजर चलाए। ईदगाह पर बुलडोजर चलाने के साथ ही मुस्लिम समुदाय के लोगों ने खुद इमामबाड़े को ध्वस्त करना शुरू किया। इस बुलडोजर एक्शन के जरिए संभल प्रशासन ने बिछौली गांव में करीब 6.5 करोड़ रुपए कीमत की सरकारी जमीन को मुक्त कराया है। ये जमीन एक हेक्टेयर की है।

संभल प्रशासन की कार्रवाई के दौरान बड़ी तादाद में पुलिस और पीएसी की तैनाती किसी भी उपद्रव की आशंका को खत्म करने के लिए की गई। संभल प्रशासन ने मीडिया को बताया कि सरकारी जमीन को मुक्त कराने के योगी सरकार के आदेश के तहत अब तक जिले में 125 हेक्टेयर जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराया जा चुका है। संभल में 24 नवंबर 2024 को हिंसा की घटनाएं हुई थीं। संभल की विवादित शाही जामा मस्जिद के कोर्ट कमिश्नर सर्वे के दौरान उपद्रवियों ने जमकर पथराव और आगजनी की थी। उपद्रवियों की फायरिंग से चार बेगुनाह भी मारे गए थे। योगी सरकार ने इसके बाद ही संभल में अवैध कब्जों और बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलाया था।

संभल में प्रशासन ने स्थानीय सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के मकान में भी अवैध निर्माण पाया था। उनको भी नोटिस जारी किया गया था। वहीं, बिजली चोरी के दर्जनों मामले भी संभल में बिजली विभाग की जांच में सामने आए थे। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने साफ कहा है कि हर इंच सरकारी जमीन को कब्जे से मुक्त कराया जाएगा। सिर्फ संभल ही नहीं, यूपी के हर जिले में सरकारी जमीनों पर कब्जों को चिह्नित कर बुलडोजर कार्रवाई की जाती रही है। सुप्रीम कोर्ट में इसके खिलाफ याचिका दाखिल हुई थी। सुप्रीम कोर्ट ने इस पर कहा था कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों पर बुलडोजर कार्रवाई सही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *