April 21, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राहुल गांधी से चलने वाला नहीं, प्रियंका ही संभालें, इंडी गठबंधन के नेतृत्व को लेकर बोले तेज प्रताप यादव

नई दिल्ली। लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के संस्थापक तेज प्रताप यादव ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए इंडी गठबंधन के नेतृत्व को लेकर बड़ी बात कही है। तेज प्रताप ने राहुल गांधी को कुर्सी के लालच से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ही इंडी गठबंधन को चला सकती हैं। वो इंदिरा गांधी की तरह हैं। प्रियंका ही चला सकती हैं, राहुल गांधी से चलने वाला नहीं है। यात्रा शुरू करने से या बुलेट पर बैठ जाने से, एक दूसरे पर आरोप लगाने से कुछ नहीं होने वाला।

दरअसल तेज प्रताप से राहुल गांधी के उस बयान को लेकर सवाल किया गया था जिसमें उन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार ने बीजेपी के दबाव में सीएम पद छोड़ा है। तेज प्रताप ने कहा कि राहुल गांधी यही सब चीज में फंसे रहेंगे। शुरू से तो बुलेट चलाते हुए उनका शौक पूरा हुआ नहीं अब कुर्सी पर बैठने का लालच हो गया है। उनको लालचपंती से दूर रहना चाहिए। राहुल जो अपना कुकिंग कर रहे थे, मीट-मुर्गा बना रहे थे वही बनाते रहें। तेज प्रताप ने आगे कहा कि नीतीश कुमार ने पद छोड़ा तो दूसरा नेता सीएम बन गया। राहुल गांधी दूसरे राज्य में हैं इनको किस बात का लालच है, क्या इन्हें बिहार की गद्दी पर बैठना है।

वहीं बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर भी तेज प्रताप ने टिप्प्णी की। तेज प्रताप यादव ने कहा, सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बन गए हैं, उन्हें शुभकामना है। उन्होंने कहा है कि वे युवाओं को रोजगार देंगे, तो रोजगार दें। धरातल पर सभी लोगों को रोजगार दें, ताकि बिहार के जो युवा भटक गए हैं, जो पलायन कर चुके हैं, उनका पलायन रोका जा सके। बिहार के लोग बिहार में ही रहकर कोई काम धंधा करें। आपको बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले तेज प्रताप को उनके पिता लालू यादव ने परिवार और आरजेडी से बेदखल कर दिया था। इसके बाद तेज प्रताप ने जनशक्ति जनता दल के नाम से अपनी पार्टी बनाई और चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारे थे। हालांकि तेज प्रताप न तो खुद चुनाव जीत सके और न ही उनकी पार्टी का कोई अन्य प्रत्याशी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *