ईरान से बातचीत में ट्रंप भी होंगे शामिल!, युद्धविराम खत्म होने से पहले इस्लामी देश का प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान पहुंचने के आसार
वॉशिंगटन। ईरान आखिरकार अमेरिका से दूसरे दौर की बातचीत के लिए मान गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान का प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान पहुंचेगा और बुधवार को अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल से बातचीत होगी। इस बीच, न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने ये दावा किया है कि ईरान से बातचीत में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खुद शामिल हो सकते हैं। हालांकि, अभी ये साफ नहीं कि ट्रंप खुद इस्लामाबाद आएंगे या वर्चुअल तरीके से शामिल होकर ईरान के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत करेंगे।
न्यूज एजेंसी ने पाकिस्तानी सूत्र के हवाले से दावा किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच बुधवार को बातचीत की पूरी संभावना है। ईरान और अमेरिका के बीच दो हफ्ते का युद्धविराम बुधवार को खत्म हो रहा है। ट्रंप ने इससे पहले कहा था कि युद्धविराम बढ़ाना संभव नहीं लगता। ट्रंप लगातार सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों को इंटरव्यू में ईरान को धमकियां भी दे रहे हैं। ट्रंप ने ताजा धमकी में कहा है कि अगर ईरान ने समझौता न किया, तो वो ऐसी बड़ी मुसीबत में फंसेगा जैसा कभी नहीं देखा गया। इससे पहले ट्रंप ने ये धमकी दी थी कि युद्धविराम से पहले अगर ईरान ने समझौता न किया, तो उसके ऊर्जा संयंत्रों और पुलों को अमेरिका ध्वस्त कर देगा। ट्रंप ने ईरान से होर्मुज स्ट्रेट को भी खोलने की मांग की है। इस बीच, अमेरिकी युद्धपोत जेराल्ड फोर्ड से आई ताजा तस्वीरों में दिख रहा है कि सेना ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के लिए फिर तैयारी कर रही है।
ईरान में अमेरिकी सेना की कार्रवाई में अपना जहाज जब्त किए जाने के बाद कहा था कि ऐसे हालात में बातचीत संभव नहीं है। वहीं, ट्रंप लगातार ये दावा कर रहे हैं कि पाकिस्तान में ईरान से बातचीत होगी। ट्रंप की सबसे बड़ी मांग है कि ईरान अपना परमाणु कार्यक्रम बंद कर दे और होर्मुज को खोले। वहीं, ईरान की मांग है कि उसका परमाणु कार्यक्रम जारी रहने दिया जाए। होर्मुज पर उसका दावा माना जाए। ईरान की ये मांग भी है कि युद्ध का हर्जाना मिले। प्रतिबंध खत्म हों। साथ ही इस्लामी देश ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से गारंटी मांगी है कि कभी उस पर अमेरिका और इजरायल हमला न करें। इसके अलावा ईरान की मांग है कि लेबनान पर इजरायल अपने हमले बंद करे। ईरान ने ये भी कहा है कि अगर फिर युद्ध होता है, तो वो ऐसे कार्ड खेलेगा जैसा कभी नहीं देखा गया।
