होर्मुज स्ट्रेट में भारतीय जहाजों पर गोलीबारी की घटना के बाद भारत अलर्ट, लारक द्वीप से दूर रहने की नेवी ने जारी की एडवाइजरी
नई दिल्ली। होर्मुज जलडमरूमध्य में दो भारतीय जहाजों पर ईरान की ओर से हुई गोलीबारी की घटना के बाद भारत अलर्ट है। इंडियन नेवी ने होर्मुज के आसपास मौजूद भारतीय जहाजों के लिए एडवाइजरी जारी की है जिसमें उनसे लारक द्वीप से दूर रहने की सलाह दी गई है। भारतीय नेवी ने होर्मुज के पास सुरक्षा घेरा और बढ़ा दिया है ताकि भविष्य में ऐसी कोई घटना न हो। वहीं भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से भी इस पर प्रतिक्रिया आई है।
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, हम ईरान और अन्य देशों के संपर्क में हैं ताकि होर्मुज जलडमरूमध्य से हमारे जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके। इसका नतीजा यह है कि अब तक 10 भारतीय जहाज सुरक्षित तरीके से होर्मुज को पार कर चुके हैं। जिसमें से एक जहाज बहुत जल्द भारत पहुंचने वाला है। उन्होंने बताया कि भारतीय जहाजों पर हुई गोलीबारी की घटना की सूचना मिलते ही हमने इस मामले को गंभीरता से उठाया। दिल्ली में ईरानी राजदूत को तलब किया और विदेश सचिव ने इस घटना पर गहरी चिंता जताई। विदेश सचिव ने इस बात को दोहराया कि हम अपने नाविकों की सुरक्षा को सर्वोच्च महत्व देते हैं और होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की निर्बाध आवाजाही होनी चाहिए। हम अपने जहाजों की सुरक्षा के लिए ईरान के संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।
आपको बता दें कि 18 अप्रैल को दो भारतीय जहाजों ‘जग अर्नव’ और ‘सनमार हेराल्ड’ पर ईरानी नौसेना की ओर से गोलीबारी की गई थी। ये दोनों जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करने की कोशिश कर रहे थे। जिन जहाजों पर गोलीबारी हुई थी उसमें से एक जहाज ‘सनमार हेराल्ड’ के क्रू का ऑडियो मैसेज वायरल हुआ था जो गोलीबारी के दौरान IRGC को भेजा गया था। क्रू के सदस्य ने IRGC से कहा था कि आपकी तरफ से ही हमें आगे बढ़ने के लिए क्लीयरेंस दिया गया था। अब आप गोलीबारी कर रहे हैं, कृपया हमें वापस मुड़ने दें।
