April 21, 2026

Hind foucs news

hindi new update

तमिलनाडु की सभी और पश्चिम बंगाल की 152 सीटों पर 23 अप्रैल को वोटिंग, आज खत्म होगा चुनाव प्रचार, जानिए कितने उम्मीदवार

नई दिल्ली। तमिलनाडु विधानसभा की सभी 234 और पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 में से 152 सीटों के लिए 23 अप्रैल को वोटिंग होनी है। इन सभी जगह आज शाम 5 बजे से चुनाव प्रचार खत्म होने वाला है। तमिलनाडु की विधानसभा सीटों पर 4023 प्रत्याशी उतरे हैं। राज्य में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ डीएमके और एआईएडीएमके-बीजेपी गठबंधन के बीच है। इसके अलावा एक्टर से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके भी तमिलनाडु विधानसभा का चुनाव लड़ रही है। तमाम अन्य छोटी पार्टियां भी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमा रही हैं।

तमिलनाडु विधानसभा की 234 सीटों पर 5.73 करोड़ से ज्यादा वोटर अपने अधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। राज्य में एसआईआर के बाद वोटरों की ये संख्या तय हुई है। एसआईआर में तमिलनाडु के 97.37 लाख वोटरों के नाम कटे हैं। हालांकि, वोटरों के नाम कटने पर राज्य में किसी भी पार्टी ने कोई हल्ला नहीं मचाया। चुनाव आयोग ने यहां बड़ी तादाद में सुरक्षा व्यवस्था की है। पोलिंग बूथ भी वोटरों की सुविधा वाले बनाए गए हैं। इसके अलावा चुनाव आयोग ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय बलों की बड़े पैमाने पर तैनाती की है। चुनाव आयोग ने वोटरों से बड़ी तादाद में अपने मताधिकार प्रयोग का आग्रह किया है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 23 अप्रैल को 11 जिलों में वोटिंग कराई जाएगी। इनमें मुर्शिदाबाद जिले की 22, पूर्वी मेदिनीपुर की 16, पश्चिम मेदिनीपुर की 15, मालदा और बांकुड़ा जिले की 12, बीरभूम की 11, उत्तर दिनाजपुर, पश्चिम बर्धमान, पुरुलिया और कूचबिहार की 9-9, जलपाईगुड़ी की 7, दक्षिण दिनाजपुर की 6, अलीपुरद्वार और दार्जिलिंग की 5-5, झाड़ग्राम की 4 और कलिम्पोंग की 1 सीट शामिल है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 1478 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 3.60 करोड़ से ज्यादा वोटर करेंगे। इनमें 1.84 करोड़ पुरुष और 1.75 करोड़ से ज्यादा महिला वोटर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *