April 22, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली में आईआरएस अफसर की बेटी की रेप के बाद हत्या, शक के दायरे में पुराना नौकर

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह एक युवती की रेप के बाद हत्या का मामला हुआ है। घटना दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके की है। रेप और हत्या की शिकार युवती के पिता आईआरएस अफसर हैं। मृतक की उम्र करीब 21 साल है। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में लग रहा है कि रेप के बाद युवती की मोबाइल चार्जर के तार से गला घोंटकर हत्या की गई। पुलिस के मुताबिक घर के पुराने नौकर पर रेप और हत्या का शक है। इस नौकर को युवती के पिता ने करीब डेढ़ महीने पहले ही हटा दिया था।

दिल्ली पुलिस को शक है कि नौकर ने ही बदला लेने के लिए ये वारदात की। पुलिस अभी सभी सीसीटीवी के फुटेज देख रही है। ताकि पता चल सके कि युवती की हत्या से पहले घर में कौन-कौन दाखिल हुआ था। पुलिस का कहना है कि बुधवार सुबह युवती के अफसर पिता और उनकी पत्नी मॉर्निंग वॉक पर गए थे। युवती घर पर अकेली थी। जब वे मॉर्निंग वॉक से लौटे, तो पाया कि बेटी खून से लथपथ और बेहोश है। युवती के सिर पर भी जोरदार चोट की गई थी। चेहरे पर भी चोट के निशान मिले। युवती के माता-पिता उसे तुरंत अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि पहले युवती से रेप किया गया। उसके बाद आरोपी ने घर में चोरी भी की और फरार होने से पहले मोबाइल चार्जर के तार से युवती का गला घोंटकर मार डाला। दिल्ली पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई हैं। दिल्ली में इससे पहले भी युवतियों और महिलाओं के खिलाफ हमलों की कई घटनाएं हो चुकी हैं। एक विदेशी युवती ने तो कनॉट प्लेस इलाके में ही खुद से रेप की शिकायत दर्ज कराई थी। मौजूदा वारदात सुबह होने के कारण पड़ोस के लोग भी इससे अंजान रह गए। इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद और खुलासा होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *