April 23, 2026

Hind foucs news

hindi new update

एमसीडी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए बीजेपी ने कैंडिडेट घोषित किए, निर्विरोध जीत लगभग तय, आप नहीं उतारेगी उम्मीदवार

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने कैंडिडेट के नाम घोषित कर दिए हैं। प्रवेश वाही को बीजेपी ने मेयर पद का उम्मीदवार बनाया है। वहीं डिप्टी मेयर पद कैंडिडेट के रूप में मोनिका पंत के नाम का ऐलान किया है। वैसे तो इन दोनों पदों पर 29 अप्रैल को वोटिंग होनी है लेकिन मेयर और डिप्टी मेयर दोनों ही पदों पर बीजेपी के उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है। इसका कारण यह है कि आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया है जबकि कांग्रेस के पास भी अपने प्रत्याशी को जिताने लायक संख्याबल नहीं है।

बीजेपी के मेयर कैंडिडेट प्रवेश वाही रोहिणी के वार्ड नंबर 53 से पार्षद हैं। डिप्टी मेयर पद की उम्मीदवार मोनिका पंत आनंद विहार क्षेत्र के वार्ड संख्या 206 से पार्षद हैं। स्थायी समिति के लिए भी बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। स्थायी समिति के सदस्य के लिए मनीष चड्ढा के नाम का ऐलान किया गया है। मनीष चड्ढा पहाड़गंज से पार्षद हैं। वहीं नेता सदन के लिए जय भगवान यादव के नाम पर सहमति बनी है। जय भगवान बेगमपुर से पार्षद हैं। आम आदमी पार्टी ने शालीमार बाग वार्ड से पार्षद जलज कुमार चौधरी को एमसीडी की स्थायी समिति के लिए चुनाव मैदान में उतारा है।

चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामांकन का आज आखिरी दिन है। ऐसे में यह सभी उम्मीदवार आज ही नामांकन दाखिल करेंगे। आपको बता दें कि एमसीडी में निगम पार्षदों की कुल संख्या कुल 250 है और बीजेपी के पास 123 की संख्याबल है। वहीं आप के सदस्यों की संख्या 100 है। मेयर चुनाव में इस बार कुल 273 वोट हैं, जिसमें पार्षदों के साथ विधायक और सांसद भी शामिल हैं। जीत के लिए 137 वोटों की जरूरत होगी, इसको देखते हुए बीजेपी को मेयर और डिप्टी मेयर पदों पर आसानी से जीत मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *