April 22, 2026

Hind foucs news

hindi new update

रामायण के अपमान पर घिरे अभिनेता प्रकाश राज, धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में शिकायत दर्ज

नई दिल्ली। अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले दक्षिण भारतीय फिल्मों के मशहूर अभिनेता प्रकाश राज अब एक नए विवाद में घिर गए हैं। प्रकाश राज पर हिंदू धर्म के सबसे पवित्र धार्मिक ग्रंथों में से एक रामायण के अपमान के आरोप है। इस मामले में प्रकाश राज के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई गई है। बीजेपी के एक नेता भानु प्रकाश ने पुलिस को दी गई शिकायत में यह कहा है कि प्रकाश राज ने रामायण पर आपत्तिजनक बयान देकर हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत की हैं। शिकायतकर्ता ने अधिकारियों से प्रकाश राज के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

यह पूरा विवाद जनवरी में आयोजित केरल लिटरेचर फेस्टिवल से जुड़ा हुआ है। उस कार्यक्रम में अभिनेता प्रकाश राज भी शिरकत करने पहुंचे थे। उस दौरान अपनी बात रखते हुए प्रकाश राज ने रामायण का जिक्र करते हुए एक अलग कहानी सुनाई जो उन्होंने बच्चों के थिएटर वर्कशॉप में देखी थी। प्रकाश राज ने कहा कि शूर्पणखा राम और लक्ष्मण से फल खाने की शिकायत रावण से करती है, लेकिन रावण उनको भूखा देखकर फल खाने की अनुमति दे देता है। इसके बाद प्रकाश राज ने मजाकिया लहजे में कहा कि राम फल का पैसा देने की बात करते हैं, लेकिन उनसे ज्यादा कीमत (GST) मांगी जाती है। ज्यादा पैसे न होने पर रावण उनको बीज बोकर पेड़ उगाने की सलाह देता है। प्रकाश राज का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया और उनके खिलाफ शिकायत दर्ज हो गई।

शिकायतकर्ता बीजेपी नेता का कहना है कि इस प्रकार के बयान को बढ़ावा देने वालों पर भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। आपको बता दें कि कुछ समय पहले जब दक्षिण भारतीयों राज्यों विशेषकर तमिलनाडु और तेलंगाना में हिंदी भाषा का विरोध चल रहा था तब उस विरोध में प्रकाश राज भी शामिल थे। इसको लेकर भी उनकी आलोचना हुई थी। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने उनको फटकार लगाते हुए कहा था कि हिंदी फिल्मों में काम करके पैसे कमाते हो और हिंदी का विरोध करते हो। बता दें कि प्रकाश राज बॉलीवुड की कई सुपरहिट फिल्मों में भी अभिनय कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *