विपक्ष के इंडी गठबंधन में खटपट बढ़ी!, राहुल गांधी ने ममता बनर्जी पर लगाए ये आरोप
नई दिल्ली। विपक्ष के इंडी गठबंधन की दो पार्टियों कांग्रेस और ममता बनर्जी की टीएमसी में खटपट बढ़ती दिख रही है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले दौर की वोटिंग से पहले जारी वीडियो में टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी पर आरोप लगाया है कि अगर ममता बनर्जी ने साफ-सुथरी सरकार चलाई होती और ध्रुवीकरण न किया होता, तो बीजेपी के लिए पश्चिम बंगाल में रास्ता नहीं खुलता।
हर चुनाव के दौरान पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी और कांग्रेस के बीच ऐसे ही टकराव देखा जाता है। ममता बनर्जी ने साल 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से एक भी सीट का बंटवारा नहीं किया था। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में भी ममता बनर्जी ने कांग्रेस से सीट बंटवारा करने से साफ इनकार कर दिया था। इस बार कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सभी 294 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। हालांकि, पश्चिम बंगाल में कांग्रेस का जनाधार बहुत कम है, लेकिन ये माना जा रहा है कि वो तमाम वोट काटकर ममता बनर्जी के लिए दिक्कत पैदा कर सकती है। राहुल गांधी की ओर से ममता बनर्जी पर ताजा आरोप लगाने से कांग्रेस और टीएमसी का टकराव और बढ़ने के पूरे आसार हैं।
साल 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की टीएमसी ने 294 में से 213 सीट पर जीत हासिल की थी। टीएमसी को करीब 48 फीसदी वोट मिले थे। वहीं, बीजेपी ने 38 फीसदी वोट के साथ 77 सीटें जीती थीं। पश्चिम बंगाल में इस बार पहले दौर की जिन 152 सीटों पर वोटिंग हो रही है, उनमें से पिछली बार बीजेपी ने 54 सीट हासिल की थी। दूसरे दौर में जिन 142 सीट पर 29 अप्रैल को वोटिंग होनी है, उनमें से बीजेपी ने पिछली बार 22 सीट ही हासिल की थी। बीजेपी दावा कर रही है कि इस बार पश्चिम बंगाल से ममता बनर्जी की टीएमसी सरकार की विदाई होगी। ममता बनर्जी की टीएमसी 15 साल से पश्चिम बंगाल की सत्ता पर काबिज है।
