April 23, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बंगाल के मुर्शिदाबाद में मतदान के बीच बवाल, टीएमसी कार्यकर्ताओं और हुमायूं कबीर के बीच तीखी झड़प

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए आज वोटिंग हो रही है। इस बीच मुर्शिदाबाद में टीएमसी समर्थकों और हुमायूं कबीर के बीच तीखी झड़प हो गई है। हुमायूं कबीर जो पहले टीएमसी में ही थे लेकिन बाद में उन्होंने आम जनता उन्नयन पार्टी के नाम से अपना राजनीतिक दल बनाया है। टीएमसी कार्यकर्ताओं ने हुमायूं कबीर के विरोध में जमकर नारेबाजी की। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस और अर्ध सैनिक बलों के जवानों ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया। वहीं हुमायूं कबीर ने आरोप लगाया कि टीएमसी के लोग माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं।

हुमायूं कबीर अपने क्षेत्र के अलग-अलग पोलिंग बूथों पर जाकर वोटिंग का जायजा ले रहे हैं, इस वजह से उन्हें टीएमसी के समर्थकों का विरोध झेलना पड़ा है। मुर्शिदाबाद के ही नौदा विधानसभा क्षेत्र में देसी बम फेंका गया था, जिसमें कुछ लोगों के हताहत होने की भी खबर है। बता दें कि मुर्शिदाबाद काफी संवेदनशील इलाका माना जाता है इसके चलते यहां पहले ही अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गई थी। वहीं तनाव की स्थिति को देखते हुए अर्धसैनिक बलों की एक और कंपनी को वहां के लिए रवाना किया गया है।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में वोटिंग होनी है। पहले चरण के चुनाव में आज राज्य के 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। पहले चरण में सभी विधानसभाओं में मिलाकर कुल 1,478 उम्मीदवार मैदान में है। लगभग 3.60 करोड़ से अधिक मतदाता 44,376 बूथों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1.84 करोड़ पुरुष, 1.75 करोड़ महिला और 465 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं। वहीं मतदान का दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा। दोनों चरण की मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद चार मई को मतगणना होगी और उसी दिन रिजल्ट घोषित किया जाएगा। बंगाल में इस बार टीएमसी और बीजेपी में कांटे की टक्कर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *