दिल्ली में आईआरएस अफसर की बेटी की रेप के बाद हत्या करने का आरोपी राहुल सीरियल रेपिस्ट! दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद किए उसके बारे में ये खुलासे
नई दिल्ली। दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में आईआरएस अफसर की 21 साल की बेटी से रेप और हत्या के आरोपी राहुल मीणा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। राहुल पहले आईआरएस अफसर के घर पर ही नौकर था। उसे करीब डेढ़ महीने पहले नौकरी से निकाल दिया गया था। पुलिस के कब्जे में आने के बाद पता चला कि राहुल मीणा ने हत्या की वारदात करने से एक दिन पहले मंगलवार को राजस्थान के अलवर में एक महिला का रेप किया था। आईआरएस की बेटी ने आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। वो सिविल सर्विस परीक्षा की तैयारी कर रही थी। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल देखकर लगता है कि राहुल से पीड़ित भिड़ गई थी, लेकिन खुद को बचाने में नाकाम रही।
दिल्ली पुलिस ने आईआरएस अफसर की बेटी के हत्यारे को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इससे पता चला कि राहुल बुधवार सुबह करीब 6.39 बजे घर में दाखिल हुआ। आईआरएस अफसर और उनकी पत्नी जिम गए थे। वो घर में काम करने वाली महिला के लिए बाहर चाबी छोड़ गए थे। राहुल को इसका पता था कि चाबी कहां रखी रहती है। वो चाबी के सहारे दरवाजा खोलकर घर में दाखिल हुआ। फिर रेप और हत्या की वारदात की। आईआरएस अफसर की बेटी के सिर पर भारी चीज से वार किया और मोबाइल चार्जर के तार से गला घोंट दिया। इसके बाद राहुल ने करीब 2 लाख कैश और अन्य चीजें चुराईं। खून सनी पैंट वहीं उतारकर दूसरी पैंट पहनी और फरार हो गया।
दिल्ली पुलिस को पता चला कि सोसायटी के गेट पर राहुल की दूसरे घर में काम करने वाले एक नौकर से मुलाकात हुई थी। उसने राहुल से कुछ खा लेने के लिए कहा, लेकिन वो जरूरी काम बताकर नहीं रुका। फिर एक ऑटो किया और द्वारका के होटल चला गया। इस ऑटो वाले को तलाशने के बाद दिल्ली पुलिस को राहुल मीणा के होटल जाने की जानकारी मिली। जिसके बाद उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली पुलिस को पता चला है कि आईआरएस अफसर की बेटी की हत्या करने के आरोपी राहुल को लूडो जैसे ऑनलाइन गेम खेलने की लत थी। उस पर काफी कर्ज था। वो दवा खरीदने के बहाने आईआरएस अफसर से पैसे लेता, लेकिन दुकान में उधार नहीं चुकाता था। बदला लेने के लिए उसने ये काम किया। कई और घरों से भी राहुल ने पैसे उधार लिए थे, लेकिन वापस नहीं किए थे। इन शिकायतों के बाद उसे नौकरी से निकाला गया था।
