May 1, 2026

Hind foucs news

hindi new update

तूफान आने वाला है, डोनाल्ड ट्रंप की इस पोस्ट से बढ़ी हलचल, क्या ईरान पर फिर से हमला करने की है तैयारी?

नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच भले ही सीजफायर जारी है मगर तनाव बरकरार है। दूसरे दौर की शांतिवार्ता को लेकर संशय के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कुछ ऐसा कहा है जिसको लेकर नई हलचल शुरू हो गई है। ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखा, एक बड़ा तूफान आने वाला है। कोई भी उस तूफान को रोक नहीं पाएगा। ट्रंप की इस पोस्ट को ईरान से जोड़कर देखा जा रहा है। ईरान को ट्रंप की इस अप्रत्पक्ष धमकी के बाद सवाल यह उठ रहा है कि क्या अमेरिकी राष्ट्रपति ईरान पर फिर से हमला करने की तैयारी कर रहे हैं?

वहीं ट्रंप ने किसी और की एक पोस्ट को रिपोस्ट भी किया है जिसमें स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को स्ट्रेट ऑफ ट्रंप बताया गया है। दूसरी तरफ ईरान भी किसी कीमत पर पीछे हटने को तैयार नहीं है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर जारी गतिरोध के बीच अमेरिका पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि फारस की खाड़ी विदेशी इच्छाओं को थोपने का अखाड़ा नहीं है। उन्होंने कहा कि ईरान पर नाकाबंदी और समुद्री प्रतिबंध लगाने का कोई भी प्रयास विफल होना तय है। ईरान फारस की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा का संरक्षक है।

पेजेश्कियान ने ईरान की नौसेना की बहादुरी को क्षेत्रीय सुरक्षा और महत्वपूर्ण ऊर्जा परिवहन मार्गों की रक्षा में ईरान की निर्णायक भूमिका का प्रतीक बताया। उन्होंने ईरान के समुद्री व्यापार पर अमेरिका की नौसैनिक नाकाबंदी और प्रतिबंधों की रणनीति को अंतर्राष्ट्रीय कानून के विपरीत बताते हुए चेतावनी दी कि फारस की खाड़ी में किसी भी प्रकार की असुरक्षा की जिम्मेदारी संयुक्त राज्य अमेरिका और जायोनी शासन पर होगी। बता दें कि अमेरिकी नौसेना ने होर्मुज स्ट्रेट पर नाकेबंदी कर रखी है। ट्रंप का कहना है कि जब तक ईरान समझौता नहीं कर लेता तब तक यह नाकेबंदी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *