May 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

शुभेंदु अधिकारी बने बंगाल के नए मुख्यमंत्री, पीएम मोदी की मौजूदगी में ली शपथ

कोलकाता। शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल में बीजेपी की पहली सरकार के सीएम के तौर पर शनिवार को शपथ ली। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में 56 साल के शुभेंदु अधिकारी को गवर्नर आरएन रवि ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण के मौके पर मंच पर पीएम नरेंद्र मोदी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, गृहमंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा के साथ बीजेपी और एनडीए शासित राज्यों के सीएम भी मौजूद थे।

सीएम पद का शपथ लेने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने पीएम नरेंद्र मोदी से मिलकर उनको धन्यवाद दिया। पीएम मोदी ने शुभेंदु अधिकारी की पीठ थप-थपाकर उनको आशीर्वाद दिया। शुभेंदु अधिकारी साल 2020 में ममता बनर्जी की टीएमसी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। इससे पहले ममता बनर्जी की सरकार में शुभेंदु अधिकारी मंत्री थे। वो ममता बनर्जी के भतीजे सांसद अभिषेक बनर्जी के कामकाज के तरीकों के विरोध में टीएमसी छोड़कर बीजेपी में आए थे।

शुभेंदु अधिकारी टीएमसी में ममता बनर्जी के बाद दूसरे नंबर के कद्दावर नेता थे। बीजेपी में आने के बाद उन्होंने ममता बनर्जी की सरकार के कामकाज के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। हर मुद्दे पर ममता बनर्जी को घेरने वाले शुभेंदु बनर्जी को पश्चिम बंगाल की जनता का समर्थन मिलना जारी रहा। नतीजे में बीजेपी ने 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 77 सीटें हासिल कर लीं। जबकि, 2016 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी सिर्फ 3 सीट ही हासिल कर सकी थी। शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को दो बार हराया भी है। साल 2021 में शुभेंदु ने ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट पर 1900 वोट से हराया था। इस बार उन्होंने ममता को उनके ही गढ़ भवानीपुर में 15000 से ज्यादा वोटों से शिकस्त दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *