अब तमिलनाडु में सत्तारूढ़ थलापति विजय की टीवीके के विधायक ने सनातन के खिलाफ दिया बयान!, कहा- हम इसे खत्म करने आए हैं
चेन्नई। तमिलनाडु के नेताओं में सनातन धर्म के खिलाफ बयान देने की जैसे होड़ लगी है। बीते दिनों डीएमके विधायक और तमिलनाडु विधानसभा में नेता विपक्ष उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म के खिलाफ बयान दिया था। अब तमिलनाडु में सत्तारूढ़ थलापति विजय की टीवीके के विधायक ने सनातन धर्म पर निशाना साधा है। ये बड़ा सवाल है कि सनातन धर्म के खिलाफ तमिलनाडु के नेता जहरीले बयान क्यों देते रहते हैं? ऐसे बयानों से समाज में वैमनस्य पैदा हो सकता है।
सोशल मीडिया में आए वीडियो में थलापति विजय की पार्टी के विधायक वीएमएस मुस्तफा को सनातन धर्म के खिलाफ कहते देखा जा सकता है। वीडियो में टीवीके विधायक वीएमएस मुस्तफा कहते हैं- सनातनाथे ओझिका पोरोन्दान कलात्थुला ईरांगीरुकोम। यानी सनातन को खत्म करने के लिए ही हम आए हैं। बता दें कि टीवीके विधायक वीएमएस मुस्तफा तमिलनाडु मुस्लिम लीग के संस्थापक अध्यक्ष रहे हैं।
इससे पहले तमिलनाडु विधानसभा के मौजूदा सत्र में नेता विपक्ष और डीएमके विधायक उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म को खत्म करने की बात कही थी। उदयनिधि ने कहा था कि समाज में बंटवारा करने वाले सनातन धर्म को खत्म करने की जरूरत है। उदयनिधि स्टालिन अपने पिता एमके स्टालिन की सरकार में डिप्टी सीएम भी थे। उदयनिधि ने तमिलनाडु में डीएमके सरकार रहते वक्त भी सनातन धर्म को खत्म करने का बयान दिया था। उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म की तुलना डेंगू, मलेरिया और कोरोना से की थी। ये मामला कोर्ट में भी गया था और कोर्ट ने उदयनिधि को फटकार भी लगाई थी। तमिलनाडु के डीएमके के और नेता भी हिंदुओं, दलितों और हिंदी भाषा के खिलाफ बयान देकर पहले विवाद खड़ा कर चुके हैं।
