डीएमके विधायक का दावा, 6 महीने में गिर जाएगी तमिलनाडु में थलापति विजय की सरकार
नई दिल्ली। तमिलनाडु में थलापति विजय के मुख्यमंत्री बने अभी 15 दिन भी नहीं बीते और उनकी सरकार को लेकर भविष्यवाणी शुरू हो गई। डीएमके के विधायक अनीता राधाकृष्णन ने दावा किया है कि विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार 6 महीने के अंदर गिर जाएगी। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन एक बार फिर से मुख्यमंत्री बनकर प्रदेश की बागडोर संभालेंगे। डीएमके विधायक ने टीवीके के विधायक आधव अर्जुना को चुनौती भी दी। राधाकृष्णन ने आधव अर्जुना का नाम लेकर कहा कि अगर हिम्मत है, तो विधायक पद से इस्तीफा दो, मैं भी अपनी सीट छोड़ता हूं। तिरुचेंदूर में आमने-सामने का मुकाबला करते हैं।
अनीता राधाकृष्णन तिरुचेंदूर से डीएमके विधायक हैं जबकि टीवीके के विधायक आधव अर्जुना ने विलीवक्कम सीट से चुनाव जीता है। राधाकृष्णन पहली बार साल 2001 में एआईएडीएमके के टिकट तिरुचेंदूर से चुनाव लड़कर जीते थे। उसके बाद वो डीएमके में शामिल हो गए और 2009 से लगातार डीएमके की टिकट पर तिरुचेंदूर से चुनाव जीतते आ रहे हैं। आपको बता दें कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में इस बार बड़ा उलटफेर देखने को मिला। थलापति विजय की पार्टी टीवीके कुल 234 सीटों में से 108 सीटों पर जीती और सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। बहुमत के लिए 118 सीटें चाहिए थीं और टीवीके ने कांग्रेस और अन्य दलों से समर्थन से बहुमत का आंकड़ा पूरा कर लिया।
हालांकि बहुमत जुटाने के लिए विजय को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी और तीन बार उनको राज्यपाल ने लौटा दिया था।टीवीके के पास कांग्रेस के 5 सीपीआई, सीपीएम, वीसीके और आईयूएमएल के 2-2 विधायकों का समर्थन है। वहीं तमिलनाडु विधानसभा में फ्लोर टेस्ट के दौरान टीवीके को एआईएडीएमके के एक धड़े ने सपोर्ट कर दिया और विश्वासमत के समर्थन में 144 विधायकों ने वोट पड़े जबकि विरोध में सिर्फ 22 वोट डाले गए। इस तरह से टीवीके की सरकार और मजबूत स्थिति में आ गई।
