पवन खेड़ा के बाद अब कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला के लिए खड़ी हो सकती है दिक्कत, पासपोर्ट मामले में असम पुलिस ने किया तलब
गुवाहाटी। कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा के बाद अब पार्टी के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला के लिए दिक्कत खड़ी होती दिख रही है। असम पुलिस ने कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को 23 मई को तलब किया है। पवन खेड़ा से दो बार की पूछताछ के बाद सुरजेवाला को तलब किया गया है। ये मामला असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा की पत्नी रिनिकी भुयां सरमा के पास तीन देशों का पासपोर्ट होने के आरोप का है। रिनिकी ने खुद पर लगे आरोपों को फर्जी बताते हुए पवन खेड़ा के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
असम के सीएम की पत्नी की ओर से केस दर्ज कराए जाने के बाद पवन खेड़ा काफी दिन तेलंगाना के हैदराबाद में रह रहे थे। सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद वो दिल्ली लौटे और फिर गुवाहाटी जाकर असम पुलिस के सामने पेश हुए। पवन खेड़ा को 25 मई को फिर गुवाहाटी में असम पुलिस के सामने पेश होना है। असम पुलिस ने पहले ही कहा है कि वो पासपोर्ट के फर्जी होने की जांच का दायरा बढ़ाते हुए कई और लोगों को पूछताछ के लिए बुला सकती है। सवाल ये है कि पवन खेड़ा ने असम पुलिस को दिए बयान में ऐसा क्या कुछ कहा कि अब उसके आधार पर रणदीप सिंह सुरजेवाला को तलब किया गया है।
असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने इस मामले में सख्त रुख अपनाया था। उन्होंने कहा था कि उनकी पत्नी रिनिकी भुयां सरमा और बच्चे राजनीति से दूर हैं, लेकिन उनको निशाना बनाया गया। हिमंत ने साफ कहा है कि अपनी पत्नी पर झूठे आरोप लगाने वाले पवन खेड़ा और अन्य को वो कानून के दायरे में लाएंगे। हिमंत बिस्व सरमा का ये भी आरोप है कि असम विधानसभा चुनाव में उनको और बीजेपी को नुकसान पहुंचाने के लिए अन्य देशों का पासपोर्ट होने का आरोप लगाया गया। पवन खेड़ा ने जिस दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रिनिकी भुयां सरमा के पास तीन अन्य देशों का पासपोर्ट होने का आरोप लगाया था, उसी दिन असम के सीएम की पत्नी ने पुलिस में शिकायत दी थी।
