चीन की कोयला खदान में धमाका, 90 लोगों की मौत, कई अन्य लापता, रेस्क्यू जारी
नई दिल्ली। चीन के शांक्सी प्रांत में स्थित एक बड़ी कोयला खदान ‘लियुशेनयु’ में शुक्रवार देर रात धमाका हो गया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 90 लोगों की मौत की खबर है वहीं कई अन्य लापता बताए जा रहे हैं। कोयला खदान में जिस वक्त यह हादसा हुआ वहां 247 मजदूर काम कर रहे थे। राहत और बचाव दल के द्वारा तत्परता दिखाते हुए ज्यादातर लोगों को खदान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं लापता मजदूरों की तलाश की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हादसे से पहले कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का अलर्ट जारी किया गया था।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने खदान हादसे की घटना पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने बचाव दल को राहत कार्य में दोगुनी तेजी लाने का निर्देश दिया है। साथ ही हादसे के जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई किए जाने की बात कही है। राष्ट्रपति ने कहा है कि इस हादसे से सबक लेते हुए काम की जगहों पर सुरक्षा नियमों को और मजबूत किया जाना चाहिए जिससे इस प्रकार के हादसे भविष्य में न हों। वहीं प्रधानमंत्री ली कियांग ने इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। चीन के उप प्रधानमंत्री झांग गुओकिंग ने खुद भी घटनास्थल पर जाकर वहां मौजूद अधिकारियों से बात की और राहत कार्य का जायजा लिया।
आपको बता दें कि शांक्सी प्रांत को चीन देश की कोयला खदान कैपिटल माना जाता है। यहां सर्वाधिक कोयला खदान हैं और पिछले साल इस प्रांत की कोयला खदानों से लगभग 1.3 बिलियन टन (1.17 बिलियन मीट्रिक टन) कोयला निकाला गया। चीन के कुल कोयला का यह लगभग एक तिहाई हिस्सा है। पिछले महीने ही शांक्सी के लुलियांग इलाके में एक खदान दुर्घटना में 4 लोगों की मौत हुई थी। वहीं फरवरी 2023 में इनर मंगोलिया की एक कोयला खदान में भूस्खलन हो गया था और उस घटना में खदान के अंदर काम कर रहे 53 मजदूर मारे गए थे।
