यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय पर महोबा में एफआईआर, पीएम मोदी के लिए अभद्र टिप्पणी का आरोप
महोबा। यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय के लिए मुश्किल खड़ी हुई है। पीएम नरेंद्र मोदी के बारे में अभद्र टिप्पणी के आरोप में अजय राय के खिलाफ महोबा कोतवाली में केस दर्ज हुआ है। अजय राय पर बिना प्रशासन की मंजूरी के नीट अभ्यर्थी से मुलाकात के दौरान रास्ता रोकने का आरोप भी लगाया गया है। अजय राय के अलावा प्रदेश कांग्रेस के निवर्तमान सचिव ब्रजराज सिंह और 29 अन्य का नाम भी एफआईआर में है।
अजय राय की ओर से पीएम मोदी के बारे में अभद्र टिप्पणी का वीडियो वायरल होने से बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता नाराज हैं। महोबा में बीजेपी जिला कार्यसमिति के सदस्य नीरज रावत ने इस बारे में महोबा कोतवाली में तहरीर दी थी। जिस पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज किया। वहीं, अजय राय का कहना है कि पीएम मोदी के बारे में उन्होंने अभद्र टिप्पणी नहीं की। एआई की मदद से वीडियो बनाया गया है। वीडियो से छेड़छाड़ की गई है। अजय राय कांग्रेस के अकेले नेता नहीं, जिन पर पीएम मोदी के लिए अभद्र शब्द कहने का आरोप लगा है। पहले भी कांग्रेस के कई नेताओं पर ऐसे ही आरोप लग चुके हैं। बिहार चुनाव के वक्त तो कांग्रेस के एक स्थानीय नेता पर पीएम मोदी की दिवंगत मां के बारे में अशोभनीय बातें कहने का आरोप तक लगा था।
अजय राय 2024 के लोकसभा चुनाव में वाराणसी संसदीय सीट से पीएम मोदी के खिलाफ उतरे थे। अजय राय पहले भी पीएम और गृहमंत्री पर विवादित बयान दे चुके हैं। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान का समर्थन कर अजय राय ने पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को गद्दार कहा था। अजय राय पर अमेठी दौरे के वक्त केंद्रीय मंत्री रहीं स्मृति ईरानी के बारे में अभद्र टिप्पणी करने का आरोप भी लगा था। बीते दिनों अजय राय बीमार पड़े थे। उस वक्त पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी। इसके बाद ही अजय राय पर पीएम के बारे में अभद्र शब्द कहे जाने की वजह से बीजेपी के लोग और भी नाराज हैं। फिलहाल अजय राय को इस मामले में कोर्ट-कचहरी का चक्कर काटना पड़ेगा।
