कमरे में बुलाकर की गंदी हरकत…बॉक्सिंग कोच पर नाबालिग खिलाड़ी के यौन उत्पीड़न का आरोप, मामला दर्ज
नई दिल्ली। बेंगलुरु के एक बॉक्सिंग कोच पर नाबालिग खिलाड़ी के यौन उत्पीड़न के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। कोच का नाम रामचंद्र है और उसकी उम्र 50 है, वो कांतीरवा स्टेडियम स्थित लायंस बॉक्सिंग क्लब से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि 17 वर्षीय नाबालिग को मुक्केबाजी की ट्रेनिंग के दौरान कोच रामचंद्र ने न सिर्फ गलत तरीके से छुआ बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। नाबालिग खिलाड़ी की मां ने कोच रामचंद्र के खिलाफ पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़िता की मां के अनुसार उनकी बेटी पिछले 10 सालों से लायंस बॉक्सिंग क्लब में मुक्केबाजी की ट्रेनिंग ले रही है। वहीं पर बॉक्सिंग कोच रामचंद्र पिछले चार सालों से उनकी बेटी के साथ अनुचित व्यवहार और उसका उत्पीड़न कर रहा है। पीड़िता की मां के अनुसार कोच के द्वारा उत्पीड़न की घटनाए पिछले पांच से छह महीनों में और भी बढ़ गई हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कोच रामचंद्र ने कांतीरवा स्टेडियम में नाबालिग को कई बार गलत तरीके से छुआ। 17 मई, 2026 को चेन्नई में एक प्रतियोगिता के दौरान कोच रामचंद्र ने नाबालिग को अपने निजी कमरे में बुलाया, वहां पर उसे गलत तरीके से छुआ, जबरदस्ती चूमा और जब नाबालिग खिलाड़ी ने विरोध किया तो कोच ने उसे धमकी दी।
शिकायकतकर्ता के अनुसार, कोच ने नाबालिग पीड़िता से कहा कि अगर अपने परिवारवालों को यह बात बताई तो जान से मार देंगे। नाबालिग खिलाड़ी की मां की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बेंगलुरू पुलिस ने बॉक्सिंग कोच रामचंद्र के खिलाफ बाल यौन उत्पीड़न संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट), 2012 की धारा 8 और 12 तथा बीएनएस अधिनियम, 2023 की धारा 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एफआईआर में इस बात का भी जिक्र किया गया है कि कोच के द्वारा उत्पीड़न के संबंध में पहले भी एक बार शिकायत एक समिति के सामने की गई थी।
