बिधाननगर के पूर्व मेयर सब्यसाची दत्ता समेत दो टीएमसी नेता गिरफ्तार, धमकी देकर जबरन वसूली का आरोप
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में टीएमसी के नेताओं पर पुलिस की कार्रवाई जारी है। बिधाननगर नगर पालिका के पूर्व मेयर सब्यसाची दत्ता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर एक व्यापारी को धमका उससे एक करोड़ रुपये की मांग करने का आरोप है। व्यवसायी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद टीएमसी नेता को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार देर रात पुलिस ने सब्यसाची दत्ता को राजारहाट स्थित उनके घर से पकड़ा। मेडिकल के बाद आज उनको बिधाननगर अदालत में पेश किया जाएगा। वहीं जबरन उगाही और धमकी के ही आरोप में नंदीग्राम से टीएमसी नेता अब्दुल अलीम अलराजी की भी गिरफ्तारी हुई है।
सब्यसाची दत्ता ने इसी साल 2026 के विधानसभा चुनावों में बारासात सीट से टीएमसी की टिकट पर चुनाव लड़ा था हालांकि वो जीत नहीं पाए थे। उससे पहले 2019 में टीएमसी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे मगर कुछ समय बाद उन्होंने फिर से तृणमूल कांग्रेस ज्वाइन कर ली थी। गौरतलब है कि ममता बनर्जी के सामने इस वक्त कई चुनौतियां हैं। एक तरफ टीएमसी टूट की कगार पर खड़ी हुई है। टीएमसी विधायकों के बाद अब कई सांसद भी ममता बनर्जी से बगावत पर उतर आए हैं। कभी ममता बनर्जी की बेहद करीबी रहीं टीएमसी सांसद काकोली घोष दस्तिदार ने एक दिन पहले ही 20 टीएमसी सांसदों के साइन वाला समर्थन पत्र लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला हो सौंपा है जिमसें अलग गुट होने का दावा किया गया है।
इन सांसदों ने लोकसभा स्पीकर से संसद में अपने लिए अलग जगह अलॉट करने का आग्रह भी किया है। इस सबके बीच भ्रष्टाचार, रंगदारी जैसे मामलों में टीएमसी के नेताओं पर पुलिस की कार्रवाई भी जारी है। बीजेपी सरकार बनने के बाद से अब तक टीएमसी के छोटे बड़े कई नेता और कार्यकर्ता गिरफ्तार हो चुके हैं। जबकि कुछ टीएमसी नेताओं के खिलाफ जांच चल रही है।
