June 9, 2026

Hind foucs news

hindi new update

हिंदी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकार सम्मान समारोह, पत्रकारिता की चुनौतियों पर हुआ मंथन

लोनी। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर अंकुर विहार स्थित गोल्ड क्राउन मैरिज होम में “कलम के सजग प्रहरी” के तत्वावधान में भव्य पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता जगत से जुड़े वरिष्ठ पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। समारोह के दौरान पत्रकारिता के समक्ष मौजूद चुनौतियों और बदलते मीडिया परिदृश्य पर गंभीर चर्चा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि एवं वरिष्ठ संपादक तथा टीवी विश्लेषक प्रमोद शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता अनेक प्रकार के दबावों के बीच कार्य कर रही है। विज्ञापन आधारित व्यवस्था के कारण छोटे एवं क्षेत्रीय समाचार पत्रों के समक्ष अस्तित्व का संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने पत्रकारों से जनहित और सत्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखने का आह्वान किया।

वरिष्ठ संपादक सलामत मियां ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने का महत्वपूर्ण दायित्व भी निभाती है। उन्होंने सोशल मीडिया और डिजिटल युग में विश्वसनीयता को सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए तथ्यपरक एवं निष्पक्ष पत्रकारिता पर बल दिया। साथ ही उन्होंने क्षेत्रीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की आवश्यकता बताई।

नेशनल प्रेस टाइम्स के संपादक सुखपाल सिंह ने कहा कि राजनीतिक हस्तक्षेप और व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा के बीच भी पत्रकारों को निष्पक्षता बनाए रखते हुए समाज की आवाज बनना होगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज का वास्तविक प्रतिबिंब है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ पत्रकार एवं मीडिया व्यक्तित्व शेखर कपूर ने कहा कि तकनीक और मीडिया का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। डिजिटल और सोशल मीडिया के दौर में सूचनाएं तेजी से लोगों तक पहुंच रही हैं, लेकिन इसके साथ पत्रकारों की जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं। उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वतंत्र और जिम्मेदार पत्रकारिता को आवश्यक बताया तथा युवा पत्रकारों को तथ्यपरक पत्रकारिता के लिए प्रेरित किया।

भाजपा नेता डॉ. प्रमेंद्र जांगड़ा ने हिंदी पत्रकारिता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिवस हिंदी के प्रथम समाचार पत्र ‘उदंत मार्तंड’ के प्रकाशन की स्मृति में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकार लोकतंत्र की मजबूती के आधार स्तंभ हैं। साथ ही उन्होंने पत्रकारों पर दबाव बनाने की प्रवृत्ति की आलोचना करते हुए निष्पक्ष पत्रकारों के समर्थन का आश्वासन दिया।

लोनी नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रंजीता मनोज धामा ने पत्रकारों को लोकतंत्र का सजग प्रहरी बताते हुए कहा कि तकनीकी विस्तार के साथ पत्रकारिता के सामने चुनौतियां भी बढ़ी हैं, लेकिन निष्पक्ष पत्रकारिता आज भी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक है।

कार्यक्रम में सभी विशिष्ट अतिथियों को पगड़ी, माला और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया तथा स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन डी.पी. ओझा ने किया। वहीं उपस्थित पत्रकारों को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अंकुश जैन ‘मिकू’, रामनिवास त्रिपाठी, रुपेंद्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों के लिए भोज की व्यवस्था भी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *