नवंबर तक 75% बजट खर्च कर पूरे करें विकास कार्य, कांवड़ यात्रा हो प्लास्टिक मुक्त: धर्मपाल सिंह
नरेंद्र बंसल-
गाजियाबाद। प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री तथा गाजियाबाद के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवंबर तक आवंटित बजट का कम से कम 75 प्रतिशत व्यय कर विकास कार्य धरातल पर पूरे किए जाएं। साथ ही कांवड़ यात्रा को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
विकास भवन सभागार में रविवार को विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि लक्ष्य पूरे करने में लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह प्रतिबंध लागू कराने और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कृषि के साथ पशुपालन किसानों की आर्थिक समृद्धि का प्रमुख आधार है। पशुओं के टीकाकरण अभियान को प्रभावी बनाने, गौशालाओं की नियमित निगरानी, किसानों को डीएपी समेत सभी उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही संचारी रोग नियंत्रण अभियान, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और स्वच्छता अभियान तेज करने पर जोर दिया।
कांवड़ यात्रा की समीक्षा के दौरान मंत्री ने कहा कि यह आस्था, अनुशासन और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा शिविर, एम्बुलेंस, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुविधाएं पर्याप्त रखने के निर्देश दिए गए। कांवड़ शिविर संचालकों को समय पर आवश्यक अनुमति उपलब्ध कराने और पूर्व वर्षों के अनुभवों के आधार पर सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने को कहा।
बैठक के बाद प्रभारी मंत्री ने विकास भवन परिसर में पिलखन का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से “वृक्ष लगाओ, वृक्ष बचाओ” अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। बैठक में पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़, महापौर सुनीता दयाल सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
